Chhattisgarh Morning News: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में सीएम साय करेंगे ध्वजारोहण, PCC चीफ दीपक बैज भी फहराएंगे तिरंगा, दो दिन मांस-मटन की बिक्री पर रोक
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: आज 79वें स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 9 बजे वे पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। सुबह 11 बजे टाउन हॉल में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, शाम 6 बजे राजभवन में स्वागत समारोह में भाग लेंगे और रात 7 बजे महंत घासीदास स्मारक में संस्कृति विभाग के छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
भाजपा कार्यालयों में ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 8 बजे और जिला कार्यालय एकात्म परिसर में सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसमें बीजेपी विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
PCC चीफ दीपक बैज करेंगे ध्वजारोहण
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय (राजीव भवन) में सुबह 8:30 बजे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज तिरंगा फहराएंगे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
प्रदेशभर में तिरंगा फहराने के कार्यक्रम
रायपुर में सीएम विष्णुदेव साय, बस्तर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव, दुर्ग में डिप्टी सीएम विजय शर्मा, जशपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, गरियाबंद में मंत्री दयालदास बघेल, बालोद में मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में मंत्री लखन देवांगन, रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी, सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में मंत्री टंक राम वर्मा, बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल और कवर्धा में सांसद संतोष पांडे ध्वजारोहण करेंगे।
आदिवासी संग्रहालय आज बंद
नवा रायपुर अटल नगर सेक्टर-24 स्थित छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय 15 अगस्त को दर्शकों के लिए बंद रहेगा। यहां आदिवासी कला और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन किया गया है, जिसे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग देखने आते हैं।
दो दिन मांस-मटन की बिक्री पर रोक
नगर निगम सीमा क्षेत्र में 15 और 16 अगस्त को मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। महापौर मीनल चौबे ने आदेश दिया है कि स्वतंत्रता दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बिक्री रोकने के लिए जोन स्तर पर निगरानी की जाएगी।
ओपन स्कूल की दूसरी परीक्षाएं 18 अगस्त से
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की कक्षा 10वीं और 12वीं की दूसरी मुख्य परीक्षा 18 अगस्त से शुरू होगी। पहले दिन 10वीं में संस्कृत और 12वीं में हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक चलेगी। 10वीं की परीक्षाएं 1 सितंबर और 12वीं की 3 सितंबर तक आयोजित होंगी।
