बेटिंग ऐप केस में फंसे सुरेश रैना, ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया

भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दायरे में आ गए हैं। ईडी ने उन्हें समन भेजकर आज, 13 अगस्त को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह मामला अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है।

1xBet से जुड़ा विवाद
बेटिंग ऐप 1xBet ने दिसंबर 2023 में सुरेश रैना को अपना गेमिंग एम्बेसडर बनाया था। उस समय कंपनी ने बयान जारी कर कहा था कि यह साझेदारी स्पोर्ट्स बेटिंग के प्रशंसकों को “जिम्मेदारी के साथ” बेटिंग के लिए प्रोत्साहित करेगी। हालांकि, भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी प्रतिबंधित है और इस तरह के विज्ञापनों पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

ईडी की अब तक की कार्रवाई
ईडी ने हाल ही में मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, जयपुर, मदुरै और सूरत में 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान ‘Parimatch’ जैसे अन्य अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म संचालित करने वाले नेटवर्क का भी भंडाफोड़ हुआ। ईडी पहले ही पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और युवराज सिंह के साथ-साथ अभिनेता सोनू सूद और उर्वशी रौतेला से पूछताछ कर चुकी है।

विज्ञापनों में छद्म नाम और क्यूआर कोड का इस्तेमाल
जांच में सामने आया है कि प्रतिबंधित सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म अपने विज्ञापनों में “1xbat” और “1xbat Sporting Lines” जैसे छद्म नामों का उपयोग कर रहे थे। इनमें अक्सर क्यूआर कोड भी शामिल होते थे, जो सीधे बेटिंग साइट्स पर ले जाते थे। ईडी के अनुसार, यह भारतीय कानून का सीधा उल्लंघन है।

2,000 करोड़ से ज्यादा की रकम का लेनदेन
मामले की जांच 2024 में शुरू हुई थी, जब मुंबई में मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि उपभोक्ताओं से ठगी कर इकट्ठा किया गया पैसा म्यूल/अवैध खातों में जमा कराया गया और फिर एजेंटों के माध्यम से बांटा गया। अनुमान है कि यह रकम 2,000 करोड़ रुपये से भी अधिक है।
सुरेश रैना चूंकि 1xBet के ब्रांड एम्बेसडर रहे हैं, इसलिए ईडी आज उनका बयान दर्ज करेगी।

Youthwings