शराब के नशे में चड्डा पहनकर स्कूल पहुंचे प्रधान पाठक, तस्वीरें वायरल, कार्रवाई की मांग तेज

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड की प्राथमिक शाला रूपपुर में पदस्थ प्रधान पाठक मनमोहन सिंह की एक शर्मनाक हरकत सामने आई है। शुक्रवार को वे शराब के नशे में धुत होकर केवल चड्डा पहनकर स्कूल पहुंच गए। इस आपत्तिजनक स्थिति की तस्वीरें कैमरे में कैद हो गईं और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मनमोहन सिंह ने कैमरे के सामने खुद स्वीकार किया कि उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर एक पाव शराब पी थी और उसी हालत में स्कूल आए थे। ग्रामीणों और छात्रों के परिजनों का आरोप है कि मनमोहन सिंह अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं। इसको लेकर कई बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक शिक्षक का ऐसा आचरण न केवल शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करता है, बल्कि बच्चों के भविष्य से भी खिलवाड़ है। अब लोग इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी डीएन मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। संबंधित शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है और उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings