टीएस सिंहदेव के बंगले में चोरी! 15 किलो की हाथी की मूर्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ
Surguja : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के आवास पर चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने उनके कोठीघर स्थित बंगले को निशाना बनाते हुए आंगन में लगी पीतल की हाथी की मूर्ति चोरी कर ली।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात की है, जब बंगले में केवल सुरक्षाकर्मी और नौकर मौजूद थे। इसी दौरान चोरों ने बंगले के बरामदे में रखी करीब 15 किलो वजनी पीतल से बनी हाथी की मूर्ति चुरा ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें एक चोर बंगले में घुसते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि घर के रिनोवेशन के दौरान दो हाथी की मूर्तियां आंगन में लगाई गई थीं, जिनमें से एक को चोर उठा ले गए।
