Chhattisgarh Morning News: सावन का चौथा सोमवार, शराब-कोयला घोटाले पर सुनवाई, ‘बन ख़ाबो, बन रहिबो’ अभियान की शुरुआत और शिक्षक करेंगे कांवड़ यात्रा

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: सावन माह का आज चौथा सोमवार है। प्रदेशभर के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं आज छत्तीसगढ़ में कई अहम घटनाएं होने वाली हैं—शराब-कोयला और महादेव सट्टा ऐप घोटाले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी, स्वास्थ्य विभाग ‘बन ख़ाबो, बन रहिबो’ अभियान शुरू करेगा और 57 हजार शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर शिक्षक कांवड़ यात्रा निकालेंगे।

शराब-कोयला और महादेव सट्टा ऐप घोटाले पर सुनवाई

आज सुप्रीम कोर्ट में छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब-कोयला घोटाला और महादेव सट्टा ऐप मामले की सुनवाई होगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अग्रिम जमानत के लिए दो याचिकाएं दायर की हैं, जबकि चैतन्य बघेल ने भी गिरफ्तारी को गलत बताते हुए राहत की मांग में एक याचिका लगाई है।
इस मामले की सुनवाई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाला बागची की बेंच करेगी। भूपेश बघेल ने अपनी याचिका में ईडी की कार्रवाई को दमनकारी बताया है और मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धाराओं को चुनौती दी है।

भारतमाला परियोजना घोटाले पर कमिश्नर की बैठक

कमिश्नर महादेव कांवरे आज भारतमाला परियोजना से जुड़े भू-अर्जन और मुआवजा अनियमितताओं की जांच पर समीक्षा बैठक लेंगे। इस मामले में चार अलग-अलग जांच टीमों का गठन किया गया था, जिनकी प्रगति पर आज विशेष चर्चा होगी।

‘बन ख़ाबो, बन रहिबो’ अभियान की शुरुआत

प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के बढ़ते मामलों को देखते हुए खाद्य, औषधि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग आज से ‘बन ख़ाबो, बन रहिबो’ जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत करेगा।
यह तीन दिन तक चलने वाला विशेष अभियान शंकर नगर स्थित सरकारी आवास से दोपहर 12 बजे शुरू होगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा को लेकर जनता को जागरूक करना है।

सावन के चौथे सोमवार पर शिव भक्तों का उत्साह

आज सावन का चौथा सोमवार होने से प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु बेलपत्र, दूध और जल अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक कर रहे हैं और मनोकामनाएं मांग रहे हैं। शिवालयों में विशेष पूजा और श्रृंगार का आयोजन भी किया गया है।

57 हजार शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर कांवड़ यात्रा

आज शिक्षक अपनी लंबे समय से लंबित भर्ती की मांग को लेकर कांवड़ यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा सुबह 10 बजे महादेव घाट से दूधाधारी मठ तक जाएगी। अनुमान है कि इस कांवड़ यात्रा में लगभग एक हजार शिक्षक शामिल होंगे।
शिक्षकों ने साफ कहा है कि वे 57 हजार भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर यह शांतिपूर्ण यात्रा निकाल रहे हैं।

Youthwings