“अडानी भगाओ – छत्तीसगढ़ बचाओ” दिवस मनाएगा संयुक्त किसान मोर्चा, 13 अगस्त को पूरे प्रदेश में होंगे धरना-प्रदर्शन

रायपुर :  ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन की वर्षगांठ पर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), छत्तीसगढ़ द्वारा 13 अगस्त को “अडानी भगाओ – छत्तीसगढ़ बचाओ” दिवस मनाया जाएगा। इस दिन पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन आयोजित कर कॉरपोरेट घरानों के खिलाफ विरोध दर्ज किया जाएगा।

यह निर्णय आज SKM छत्तीसगढ़ की एक ऑनलाइन बैठक में लिया गया। बैठक में संगठन के प्रभारी व पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष जनक लाल ठाकुर, राजनांदगांव के किसान नेता सुदेश टेकाम, क्रांतिकारी किसान सभा से सौरा यादव, किसान महासभा से नरोत्तम शर्मा, छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन से आलोक शुक्ला, समन्वय समिति के रमाकांत बंजारे, भारतीय किसान यूनियन से तेजराम विद्रोही, मजदूर-किसान संगठन से विश्वजीत हरोड़े और किसान सभा के संजय पराते सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुनीलम ने कहा कि स्वतंत्र भारत में ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन की प्रासंगिकता और बढ़ गई है क्योंकि आज देश के संसाधन चंद कॉरपोरेट घरानों को सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में भारत और यूके के बीच हुए सीटा समझौते और अमेरिका द्वारा लगाए गए 25% टैरिफ पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने चेताया कि यदि अमेरिका से होने वाली डील पर मोदी सरकार झुकती है, तो भारतीय कृषि और डेयरी क्षेत्र तबाह हो जाएगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि छत्तीसगढ़ को अडानी जैसे कॉरपोरेट घरानों की लूट का केंद्र बना दिया गया है। जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है, जबकि पेसा और वनाधिकार जैसे कानूनों की खुलकर अवहेलना हो रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ की रक्षा के लिए अडानी और अन्य कॉरपोरेट कंपनियों को प्रदेश से बाहर करना अनिवार्य है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने घोषणा की कि 13 अगस्त को उसके सभी सहयोगी संगठन पूरे प्रदेश में सामूहिक और स्वतंत्र रूप से विरोध-प्रदर्शन करेंगे और ग्रामीण गरीबों को लामबंद कर कॉरपोरेट विरोधी अभियान को तेज करेंगे।

इसके साथ ही बैठक में गाजा में अमेरिका समर्थित इजरायल द्वारा हो रहे जनसंहार की निंदा करते हुए एक स्वतंत्र और स्वायत्त फिलिस्तीन राष्ट्र के समर्थन में भी प्रस्ताव पारित किया गया।

Youthwings