Bihar Voter List Controversy: तेजस्वी यादव बोले- मेरा नाम लिस्ट में नहीं, चुनाव आयोग ने दावा बताया गलत, जारी की पूरी सूची

Bihar Voter List Controversy

Bihar Voter List Controversy

पटना। Bihar Voter List Controversy: बिहार में जारी नई मतदाता सूची को लेकर शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि नए वोटर लिस्ट में उनका खुद का नाम नहीं है। हालांकि, चुनाव आयोग ने तुरंत पलटवार करते हुए उनके बयान को गलत करार दिया और पूरी लिस्ट सार्वजनिक कर दी। आयोग ने बताया कि तेजस्वी यादव का नाम मतदाता सूची में 416वें नंबर पर दर्ज है।

तेजस्वी यादव का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा,
“एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही पारदर्शिता नहीं रखी गई। राजनीतिक दलों को विश्वास में लिए बिना चुनाव आयोग ने यह प्रक्रिया शुरू की। दस्तावेज, समयसीमा और प्रवासी मतदाताओं को लेकर कई सवाल उठे, लेकिन आयोग ने हमारी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की। सुप्रीम कोर्ट के सुझावों की भी अनदेखी की गई।”

तेजस्वी ने आगे आरोप लगाया कि नए वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में गरीबों और आम नागरिकों के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा,
“चुनाव आयोग कहता रहा कि किसी का नाम नहीं काटा जाएगा, लेकिन हर विधानसभा से करीब 20 से 30 हजार नाम हटाए गए हैं। कुल मिलाकर करीब 65 लाख यानी 8.5% मतदाताओं को लिस्ट से बाहर कर दिया गया है। यहां तक कि मेरा नाम भी इसमें नहीं है।”

चुनाव आयोग का जवाब

तेजस्वी यादव के बयान पर चुनाव आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका दावा पूरी तरह गलत है। आयोग ने बताया कि तेजस्वी यादव का नाम सूची में मौजूद है और वे 416वें क्रमांक पर दर्ज हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि तेजस्वी जिस एपिक नंबर (EPIC Number) से अपनी जानकारी खोज रहे थे, वह बदल चुका है। नए एपिक नंबर से जांच करने पर उनका नाम वोटर लिस्ट में दिख रहा है।

बिहार की नई वोटर लिस्ट में बड़े बदलाव

बता दें कि बिहार में एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग ने पहला संशोधित वोटर लिस्ट ड्राफ्ट जारी किया है।

  • बिहार के कुल 7,89,69,844 मतदाताओं में से 65,64,075 नाम हटाए गए हैं।

  • अब जारी ड्राफ्ट लिस्ट में 7,24,05,756 मतदाताओं के नाम शामिल हैं।

  • इनमें सबसे ज्यादा नाम पटना जिले से हटाए गए हैं।

इस मामले ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है और तेजस्वी यादव के बयान बनाम चुनाव आयोग की सफाई पर सियासी बहस तेज हो गई है।

Youthwings