व्यापम सब इंजीनियर परीक्षा में हाईटेक नकल : ऑटो में बैठकर Bluetooth से भेजे जा रहे थे उत्तर, दो युवतियां पकड़ी गईं
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ व्यापम की सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में मुन्नाभाई एमबीबीएस स्टाइल नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सरकंडा स्थित रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल परीक्षा केंद्र में दो युवतियां हाईटेक गैजेट्स के जरिए नकल करते हुए पकड़ी गईं। एक युवती परीक्षा केंद्र के बाहर ऑटो में बैठकर अंदर परीक्षा दे रही सहेली को उत्तर भेज रही थी। दोनों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
कैसे हुआ नकल का भंडाफोड़?
पूरा मामला तब उजागर हुआ जब परीक्षा केंद्र के पास खड़े एक ऑटो चालक को युवती की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। उसने तुरंत अपने एक परिचित एनएसयूआई नेता को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे युवक जब ऑटो के पास गए, तो उन्होंने देखा कि युवती लैपटॉप और एडवांस डिवाइसेस की मदद से किसी से संपर्क में है और कुछ टेक्स्ट भेज रही है।
जब उन्होंने युवती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी सहेली अंदर परीक्षा दे रही है और वह बाहर से उसे उत्तर भेज रही है। यह सुनते ही लोगों ने वीडियो बनाकर पुलिस को बुलाया और युवती को सरकंडा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
दोनों युवतियां गिरफ्तार, हाईटेक डिवाइस बरामद
पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की, तो पता चला कि अंदर परीक्षा दे रही युवती ने Bluetooth माइक्रो डिवाइस का उपयोग किया हुआ था, जिसे बाहर बैठी युवती लैपटॉप और नेटवर्क डिवाइस के ज़रिए संचालित कर रही थी। दोनों के पास से लैपटॉप, माइक्रो ईयर डिवाइस, पेन ड्राइव, वायरलेस सिग्नल डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए गए हैं।
यह साफ हो गया है कि दोनों युवतियां एक पूर्व नियोजित और तकनीकी रूप से उन्नत नकल गिरोह का हिस्सा थीं, जो व्यापम परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने के इरादे से पहुंची थीं।
वीडियो हुआ वायरल, सोशल मीडिया पर आक्रोश
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती की गतिविधियां, उसके पास मौजूद उपकरण और उसकी स्वीकारोक्ति देखी जा सकती है। इस वीडियो को देखने के बाद आम लोगों में परीक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है।
पुलिस कर रही जांच, व्यापम और शिक्षा विभाग पर सवाल
सरकंडा पुलिस अब दोनों युवतियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं यह कोई बड़ा नकल रैकेट तो नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवतियों को ये हाईटेक डिवाइस कहां से मिले और क्या परीक्षा केंद्र पर किसी अंदरूनी व्यक्ति की मिलीभगत भी शामिल थी।
इस घटना के बाद व्यापम और परीक्षा आयोजन करने वाली एजेंसियों पर भी सवाल उठने लगे हैं कि इतने हाईटेक उपकरणों के साथ नकल की साजिश को परीक्षा केंद्र तक कैसे पहुंचने दिया गया।
