छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य स्वच्छता पुरस्कार समारोह में राज्य के सात नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगी। समारोह में केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर बिलासपुर नगर निगम, कुम्हारी नगर पालिका और बिल्हा नगर पंचायत को ‘प्रेसिडेंट्स अवार्ड’ से नवाज़ा जाएगा। बिलासपुर को तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में, कुम्हारी को 20 से 50 हजार की आबादी वाले छोटे शहरों की श्रेणी में और बिल्हा को 20 हजार से कम आबादी वाले अति-छोटे शहरों की श्रेणी में यह सम्मान मिलेगा।
वहीं रायपुर नगर निगम को राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वच्छता प्रयासों के लिए ‘मिनिस्ट्रियल अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार और निरंतर उत्कृष्टता को पहचान देने हेतु इस बार एक नई श्रेणी ‘सुपर स्वच्छता लीग (SSL)’ की शुरुआत की गई है। इसमें वे शहर शामिल किए गए हैं जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में रहे हैं और इस वर्ष भी अपनी श्रेणी में टॉप 200 में बने हुए हैं। इस विशेष श्रेणी में छत्तीसगढ़ से अंबिकापुर नगर निगम, पाटन नगर पंचायत और बिश्रामपुर नगर पंचायत का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के सतत प्रयासों और नागरिकों की जागरूकता का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। यह सफलता शहरी प्रशासन, स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार निरंतर नवाचारों के साथ मिलकर स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न शहरों के निर्माण में जुटी है। आने वाले वर्षों में और भी नगरीय निकाय राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
