भारी बारिश में भी नहीं रुकी जवानों की सर्चिंग, नक्सलियों का बड़ा सामान जब्त

सुकमा/गरियाबंद। प्रदेश में जारी भारी बारिश के बावजूद सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई में गरियाबंद और सुकमा जिलों के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्चिंग अभियान चलाया, जिसमें उन्हें बड़ी सफलता हाथ लगी है।

जंगल में गाड़कर रखी थी नक्सलियों की सामग्री

गरियाबंद जिले के मैनपुर व जुगाड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई दैनिक उपयोग की वस्तुएं और राशन सामग्री बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई गरियाबंद पुलिस, कोबरा 207 वाहिनी और CRPF की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

सूत्रों के अनुसार, जुगाड़-इंदागांव क्षेत्र में अब भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि इस क्षेत्र में और भी नक्सली ठिकानों का खुलासा हो सकता है।

सुकमा में विस्फोटक सामग्री जब्त

इधर, सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पीलावाया के जंगलों में डीआरजी और सीआरपीएफ की टीम ने सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसमें कोडेक्स वायर, डेटोनेटर सहित अन्य घातक सामग्री शामिल है। इस कार्रवाई की पुष्टि सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने की है।

नक्सल उन्मूलन अभियान तेज

गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत इन ऑपरेशनों को अंजाम दिया गया। प्रशासन का कहना है कि माओवादियों के मूवमेंट की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं और जंगलों में लगातार सघन सर्चिंग गश्त की जा रही है।

पुलिस की माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील

गरियाबंद पुलिस ने माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति 2025 के तहत नक्सली मुख्यधारा में लौट सकते हैं और सुख, शांति और सुरक्षा के साथ नया जीवन शुरू कर सकते हैं।

पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए नजदीकी थाना, कैंप या चौकी से संपर्क करने, अथवा दूरभाष नंबर 94792-27805 पर कॉल करने की सलाह दी है। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की ओर से:

  • स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण,
  • निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा,
  • आवास की व्यवस्था,
  • और सरकारी नौकरी के अवसर भी दिए जाएंगे।

 

Youthwings