सड़क पर सामान रखने पर अब ई-चालान! रायपुर में दुकानदारों पर निगम की पैनी नजर

रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम से संबंधित कार्यों को अब अधिक सुलभ, पारदर्शी और तेज़ बनाने के उद्देश्य से ई-चालान और ई-नोटिस की नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। निगम आयुक्त विश्वदीप ने इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए निगम के अधिकारियों को सभी कार्यों में डिजिटल प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए हैं। इससे न सिर्फ कार्यों में पारदर्शिता आएगी, बल्कि निर्माण कार्यों की निगरानी भी पहले से अधिक बेहतर तरीके से हो सकेगी।

सभी निर्माण कार्यों की होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग

निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग द्वारा नक्शा स्वीकृति से लेकर निर्माण की स्वीकृति और नोटिस तक की सभी प्रक्रिया अब ऑनलाइन की जाएगी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इससे सभी निर्माण कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा संभव होगी और इंजीनियरों तथा आर्किटेक्ट्स को भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग में आसानी होगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कार्य समय पर और तय मानकों के अनुरूप पूरे हों।

विकास कार्यों पर जोर, तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश

आयुक्त ने विधायक निधि, अधोसंरचना संधारण मद और अन्य निधियों के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सफाई व्यवस्था पर सख्ती, जोन अधिकारियों को चेतावनी

नगर निगम आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शौचालय, तालाब, प्रमुख मार्ग और बाजार क्षेत्र पूरी तरह साफ-सुथरे दिखने चाहिए। इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को रोजाना निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गंदगी मिलने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आयुक्त ने विशेष रूप से कहा कि मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी गंदगी या कचरा नहीं दिखना चाहिए। सभी जोन कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति की रिपोर्ट भी दें और जहां जलभराव की संभावना हो, वहां तुरंत कार्रवाई करें।

सड़क पर सामान रखने वालों पर ई-चालान की कार्रवाई

नगर निवेशक को निर्देशित किया गया है कि मुख्य बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की वीडियोग्राफी कराई जाए और उनके खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जाए। यह कार्रवाई नियमित रूप से चलती रहे ताकि सड़कें अवरुद्ध न हों और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निगम कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक

इन सभी निर्देशों के तहत नगर निगम महात्मा गांधी सदन के सभाकक्ष में आयुक्त विश्वदीप की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर आयुक्त राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, यूएस अग्रवाल, पंकज शर्मा, विनोद पांडेय, कृष्णा खटीक सहित नगर निवेशक, जोन कमिश्नर, स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यपालन अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Youthwings