‘मोदी नहीं जाएगा ब्रो’: खरगे की विवादित टिप्पणी पर BJP का तंज, सोशल मीडिया पर शेयर की पीएम की तस्वीर

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने जहां एक तरफ इस बयान को लेकर कांग्रेस पर चौतरफा राजनीतिक हमला बोला है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर चुटीले अंदाज में कांग्रेस अध्यक्ष पर तंज भी कसा है। बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ से प्रधानमंत्री मोदी की एक तस्वीर साझा कर विपक्षी खेमे पर तीखा कटाक्ष किया गया है।

लाल चश्मे वाली तस्वीर के साथ बीजेपी का संदेश ‘मोदी नहीं जाएगा ब्रो’

बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लाल रंग के चश्मे और चेन वाली एक कूल अंदाज की तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर के साथ पार्टी ने कैप्शन में लिखा “मोदी नहीं जाएगा ब्रो।” इसके साथ ही पार्टी ने विस्तार से संदेश लिखते हुए कहा, “डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा! देश की जनता ने उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान किया है। उन्हें हमारा वोट मिला है भाई, कुछ ऐसा जो आपके आका को कभी हासिल नहीं होगा।” यह सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।

पटना के मंच से खरगे ने दिया था विवादित बयान

यह पूरा विवाद रविवार को उस वक्त खड़ा हुआ जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार की राजधानी पटना में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाषण के दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने जोर से नारा लगाया कि “मोदी नहीं जाएगा।” इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मंच से ही नाराज हो गए और प्रतिक्रिया देते हुए कह बैठे कि “मोदी का तो बाप भी जाएगा।” इस बयान का वीडियो सामने आते ही देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

बीजेपी नेताओं ने की माफी की मांग, बताया गुंडों की भाषा

खरगे के इस बयान के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर प्रांतीय इकाइयों तक ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा प्रवक्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने इसे हताशा में दी गई अमर्यादित टिप्पणी और असामाजिक तत्वों जैसी भाषा करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि लगातार चुनावी शिकस्त झेलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपनी मर्यादाएं भूल चुके हैं। बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इस आपत्तिजनक बयान के लिए देश की जनता और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

Youthwings