‘अगले 6 महीने में देंगे 1 लाख सरकारी नौकरियां’: लखनऊ में 912 पुलिस अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर बोले CM योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सीधी भर्ती-2023 के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस सीधी भर्ती के जरिए चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस उपनिरीक्षक, पुलिस सहायक उपनिरीक्षक और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक के पदों पर तैनाती दी गई है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अब ये सभी युवा उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं, जिसमें पिछले महीने कृषि विभाग में नवनियुक्त 3572 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र भी शामिल हैं।

छह महीने में 1 लाख और नौकरियों का बड़ा ऐलान

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से बड़ा ऐलान किया। उन्होंने 2017 से पहले की व्यवस्थाओं और नियुक्ति पत्र बांटने को लेकर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार दे रही है और आने वाले छह महीनों के भीतर उत्तर प्रदेश में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब किसी अभ्यर्थी का चयन शुचितापूर्ण और पारदर्शी तरीके से होता है, तो वह केवल एक परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी शासन व्यवस्था और आम नागरिक के प्रति विश्वास का एक मजबूत प्रतीक बनता है।

‘पिछली सरकारों की बीमारू सोच ने यूपी को बीमारू बनाया’

पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले भर्ती आयोगों और बोर्डों में अपने ही चहेतों को बैठाया जाता था, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया की साख खत्म हो गई थी। तत्कालीन सरकारों की ‘बीमारू’ सोच के कारण उत्तर प्रदेश जैसा समृद्ध राज्य खुद एक ‘बीमारू’ राज्य बनकर रह गया था। उनका तौर-तरीका पूरी तरह से भ्रष्ट और भेदभावपूर्ण था, जिसके चलते वे राज्य के युवाओं की ऊर्जा, ताकत और प्रतिभा का सम्मान करने में पूरी तरह नाकाम रहे। उस दौर में भर्ती का विज्ञापन आते ही युवाओं के मन में यह निराशा बैठ जाती थी कि बिना सिफारिश और लेन-देन के नौकरी पाना मुमकिन नहीं है।

‘माफिया राज खत्म, अब यूपी में है कानून का राज’

प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले माफिया खुली जीप में असलहे लहराते हुए घूमते थे, लेकिन आज किसी में ऐसी जुर्रत नहीं है क्योंकि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज कायम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब दंगे नहीं होते, बल्कि दंगों की मॉक ड्रिल कराई जाती है। नौकरियों से भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का पूरी तरह खात्मा कर प्रदेश सरकार ने शुचिता और योग्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे प्रदेश में युवाओं के भरोसे के रूप में दिखाई दे रहे हैं।

Youthwings