थानेदार के ऑफिस में भाजपा नेता का बवाल! DJ छुड़ाने पहुंचा, बात नहीं बनी तो की तोड़फोड़

भाजपा नेता की दबंगई

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में DJ जब्ती को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद DJ बजाने पर पुलिस द्वारा वाहन और DJ सिस्टम जब्त किए जाने के बाद एक कथित BJP नेता अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचा। यहां थाना प्रभारी से DJ छोड़ने को लेकर बहस हुई। जब पुलिस ने जब्त सामान वापस करने से इनकार किया तो कथित तौर पर थाना प्रभारी के कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी गई।

घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही LED टीवी, टेबल, कुर्सी और वायरिंग समेत कुछ सामान को नुकसान पहुंचने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

DJ जब्त होने के बाद थाने पहुंचा शुभांकर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को शुभांकर नाम का व्यक्ति कुछ लोगों के साथ गुढ़ियारी थाने पहुंचा। आरोप है कि वह सीधे थाना प्रभारी के कार्यालय में गया, जहां TI मौजूद थे। बताया गया कि शुभांकर ने पुलिस द्वारा DJ वाहन पर की गई कार्रवाई और जब्ती को लेकर आपत्ति जताई। उसने जब्त किए गए DJ वाहन और सिस्टम को छोड़ने की मांग थाना प्रभारी के सामने रखी।

DJ छोड़ने की मांग पर TI से विवाद

सूत्रों के मुताबिक थाना प्रभारी ने जब जब्त DJ वाहन को छोड़ने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कथित BJP नेता ने अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए पुलिस अधिकारी पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि थाना प्रभारी अपने फैसले पर कायम रहे। इसके बाद मामला और बिगड़ गया और आरोप है कि शुभांकर ने थाना प्रभारी के कार्यालय में रखे सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

कुछ ही देर में ऑफिस से निकल गया आरोपी

तोड़फोड़ की घटना से थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। आरोप है कि पुलिसकर्मी स्थिति को संभाल पाते, उससे पहले ही आरोपी कार्यालय से बाहर निकल गया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी ने कथित तौर पर राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित पक्ष का बयान सामने आना अभी बाकी है।

LED TV, टेबल और कुर्सी को नुकसान

थाना प्रभारी के कार्यालय में हुई कथित तोड़फोड़ के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार्यालय में लगा LED TV, वायर-केबल, टेबल और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद थाने के अंदर हुई तोड़फोड़ को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

read more: भारत-न्यूजीलैंड संबंधों में नया अध्याय: न्यूजीलैंड की संसद ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को दी मंजूरी

प्रतिबंध के बावजूद DJ बजाने पर हुई थी कार्रवाई

बताया गया कि पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद DJ बजाए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए DJ वाहन और सिस्टम को जब्त किया था। इसी जब्ती को छुड़ाने के लिए कथित तौर पर शुभांकर अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचा था। DJ और वाहन छोड़ने से इनकार के बाद विवाद बढ़ने और फिर थाना प्रभारी के कार्यालय में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।

घटना के बाद कार्रवाई पर उठे सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाना प्रभारी के कार्यालय में कथित तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक आरोपी के खिलाफ कोई अपराध दर्ज हुआ या नहीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के कई घंटे बाद तक मामले में FIR दर्ज नहीं की गई थी। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस कथित तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में क्या कार्रवाई करती है।

Youthwings