ओवैसी के काफिले में हादसा: VIP रोड पर आपस में टकराए वाहन, मची अफरा-तफरी; VIDEO आया सामने
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का सबसे खूबसूरत और वीआईपी रूट उस वक्त अचानक चीखों से गूंज उठा, जब एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले के दौरान एक जोरदार सड़क हादसा हो गया। इस अचानक हुई टक्कर में सड़क से गुजर रहे करीब 4 से 5 बाइक सवार घायल हो गए।
चंद सेकंड में बदला मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवैसी का काफिला वीआईपी रोड से पूरी रफ्तार में निकल रहा था। तभी अचानक आगे चल रहे एक वाहन ने ब्रेक लगाया और काफिले की गाड़ियां अनियंत्रित होकर आपस में ही टकराने लगीं। इसी आपाधापी में वहां से गुजर रहे बाइक सवार काफिले के वाहनों की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कई बाइकर्स उछलकर सड़क पर जा गिरे।
सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वीआईपी रोड की रफ्तार पूरी तरह थम गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल बाइक सवारों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक को बहाल कराया। पुलिस अब वीआईपी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे की असल वजह खंगाल रही है।
