CJP PROTEST UPDATE: निशु आजाद के पिता से मारपीट का आरोपी पकड़ा गया, दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया

निशु आजाद

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा। यह कार्रवाई उस समय सामने आई जब सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करने की बात कही थी। मामले को लेकर पिछले कुछ समय से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। वायरल क्लिप सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ा और पुलिस की कार्रवाई की मांग तेज हुई।

23 जून को प्रदर्शन के दौरान हुआ था विवाद

मामला 23 जून 2026 का है। जंतर-मंतर पर CJP की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा था। शिकायतकर्ता संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ वहां पहुंचे थे। शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे संजय कुमार अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद 2-3 युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।

सिर पर चोट लगने के बाद अस्पताल में कराया गया इलाज

संजय कुमार का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घूंसे मारे और सिर पर लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस वस्तु से वार किया। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए RML अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी।

FIR में दो आरोपी किए गए थे नामजद

संजय कुमार की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 62/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। मामले में उस समय स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस इसके बाद मामले से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही थी।

READ MORE: कॉकरोच जनता पार्टी का एक बार फिर प्रदर्शन, निशु आजाद के पिता से मारपीट मामले में संसद मार्ग थाने के बाहर धरना

वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद बढ़ा दबाव

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप वायरल हुई। दावा किया गया कि इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात कही थी। वायरल क्लिप को लेकर निशु आजाद की ओर से पुलिस कार्रवाई की मांग उठाई गई। इसके बाद मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ा। पुलिस ने अब स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया है।

राहुल गांधी से लगाई थी न्याय की गुहार

निशु आजाद ने मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी मदद की गुहार लगाई थी। वायरल वीडियो और मामले से जुड़ी जानकारी सामने रखने के बाद राहुल गांधी की ओर से उन्हें सहयोग का भरोसा दिए जाने की बात कही गई। इसके बाद कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची थी। टीम ने FIR में कथित हेट स्पीच, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और आदतन अपराधी से जुड़ी धाराएं जोड़ने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

अब आगे की जांच पर नजर

स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और वायरल क्लिप समेत अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। पुलिस जांच के बाद ही घटना में आरोपी की कथित भूमिका और अन्य पहलुओं को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में दूसरे नामजद आरोपी सूरज कुमार को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।

Youthwings