‘एक के बाद एक थमी तीन सांसे…’ विदिशा में मां और दो मासूम बेटियों की संदिग्ध मौत; पुलिस की तफ्तीश में उलझा केस
विदिशा। विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले काछी मोहल्ले में एक ऐसी सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सन्नाटा पसार दिया है। एक ही हंसते-खेलते परिवार की खुशियां रातों-रात मातम में बदल गईं। 28 वर्षीय मां और उसकी दो मासूम बेटियों की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत का कारण क्या था? क्या यह कोई हादसा है या इसके पीछे छुपा है कोई गहरा राज? इस रहस्य से पर्दा उठना अभी बाकी है।
घर में पड़ी थी अचेत बेटियां, अचानक बिगड़ी मां की तबीयत:
घटनाक्रम सोमवार शाम का है, जब रितेश दांगी का परिवार अचानक एक अनहोनी का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि रितेश के छोटे भाई नीलेश जब घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी भाभी वर्षा दांगी को लगातार उल्टियां हो रही थीं और पास ही 9 साल की छोटी बेटी सेजल अचेत पड़ी थी। आनन-फानन में सेजल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक-एक कर तोड़ा दम
इसके कुछ ही देर बाद रितेश अपनी 12 साल की बड़ी बेटी शानवी और पत्नी वर्षा को लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर जब तक कुछ समझ पाते, पहले शानवी और फिर देर रात वर्षा दांगी की भी सांसें थम गईं।
क्या जहर बना वजह? परिजनों की चुप्पी और पुलिस का सस्पेंस
परिवार के सदस्यों का कहना है कि अस्पताल लाते वक्त तक सब कुछ सामान्य लग रहा था। अचानक तीनों की तबीयत कैसे बिगड़ी और उन्होंने क्या खाया था, इसकी कोई जानकारी किसी को नहीं है।
शुरुआती जांच में जहर का अंदेशा
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह जहर अनजाने में खाया गया या इसके पीछे कोई साजिश है, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
