वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर, 4 की हालत नाजुक
कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप का काफिला रविवार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। गनीमत यह रही कि मंत्री केदार कश्यप इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उनके काफिले की सुरक्षा में चल रहे ‘फॉलो वाहन’ में सवार 4 पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ यह हादसा?
स्थानीय जानकारी और पुलिस के मुताबिक, यह भीषण दुर्घटना कोण्डागांव सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घोड़ागांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर हुई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सबसे पहले मंत्री केदार कश्यप की गाड़ी को साइड से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सीधे मंत्री के काफिले के पीछे चल रही ‘फॉलो वाहन’ में जा घुसी।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
इस जबरदस्त भिड़ंत में पुलिस की फॉलो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में गाड़ी के अंदर मौजूद 4 पुलिस जवान और उनका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए कोण्डागांव के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
खुद अस्पताल पहुंचे मंत्री केदार कश्यप
घटना के बाद मंत्री खुद जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ कोण्डागांव जिला अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से मिलकर घायल पुलिसकर्मियों और ड्राइवर के स्वास्थ्य और उपचार की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
