छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बड़ा फेरबदल: 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग, कई न्यायिक अधिकारियों का ट्रांसफर

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों की पदस्थापना और तबादले को लेकर कई अहम आदेश जारी किए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी अधिसूचनाओं के तहत 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को पहली बार न्यायालयों में पदस्थापना दी गई है। इसके अलावा हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई अधिकारियों की नई पोस्टिंग भी तय की गई है।

56 नए सिविल जजों को पहली बार मिली जिम्मेदारी

राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जजों को अब न्यायालयों में पहली पोस्टिंग दी गई है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक सभी नव नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपने-अपने पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। इन नई नियुक्तियों से राज्य के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और न्यायिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 अधिकारियों का ट्रांसफर

हाईकोर्ट ने हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश भी जारी किए हैं। हरीश कुमार अवस्थी को दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय से रायपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर भेजा गया है। वहीं ममता पटेल को अंबिकापुर से बिलासपुर में द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।

ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से राजनांदगांव में न्यायाधीश के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा नमिता मिंज भास्कर को धमतरी और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।

READ MORE : 3 दिन पहले पाकिस्तान ने की थी गुस्ताखी… अब भारत ने रातों-रात लिया उसका बदला?”

नीरज शर्मा को SC-ST एक्ट की विशेष अदालत की जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीनियर डिवीजन में भी हुए बदलाव

सिविल जज सीनियर डिवीजन के स्तर पर भी कई न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली बनाया गया है। वहीं भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में पदस्थ किया गया है। दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।

जूनियर डिवीजन के 7 न्यायिक अधिकारियों का तबादला

हाईकोर्ट ने सिविल जज जूनियर डिवीजन कैडर के 7 न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश भी जारी किए हैं। इन अधिकारियों को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। हाईकोर्ट के इन आदेशों से प्रदेश के कई न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों और पदस्थापना में बदलाव हुआ है।

Youthwings