छत्तीसगढ़ में बड़ा IAS फेरबदल! 23 अफसरों की नई पोस्टिंग, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

IAS Transfer 2026

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 23 IAS अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के CEO और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल हैं। सरकार के इस आदेश से गरियाबंद, कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में कलेक्टर बदल गए हैं। इसके अलावा नगरीय प्रशासन, जल जीवन मिशन, खाद्य विभाग, समाज कल्याण और पर्यटन मंडल में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान

1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।

भुवनेश यादव को अतिरिक्त विभागों की जिम्मेदारी

2006 बैच के IAS अधिकारी भुवनेश यादव अपने मौजूदा दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। वहीं कांकेर के कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर भेजा गया है।

6 जिलों में बदले गए कलेक्टर

ताजा तबादला आदेश में राज्य के छह जिलों के कलेक्टरों को नई जिम्मेदारी दी गई है।

नई पोस्टिंग इस प्रकार है:

रणबीर शर्मा — कलेक्टर, गरियाबंद
कुंदन कुमार — कलेक्टर, कांकेर
अमृत विकास तोपनो — कलेक्टर, मुंगेली
जयश्री जैन — कलेक्टर, सक्ती
तुलिका प्रजापति — कलेक्टर, कबीरधाम
तनुजा सलाम — कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी

गरियाबंद के मौजूदा कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में पदस्थ किया गया है।

read more : 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती : धरने के बीच BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी

जल जीवन मिशन में भी बदलाव

नगरीय प्रशासन के संचालक रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। इसके साथ उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके कार्यभार संभालने के बाद मो. कैसर अब्दुलहक जल जीवन मिशन के मिशन संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

नागरिक आपूर्ति निगम की जिम्मेदारी भी बदली

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोसकर विलास संदिपान को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, जगदीश सोनकर को प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के पद से हटाकर विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

समाज कल्याण और खेल विभाग में भी फेरबदल

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव गजेन्द्र सिंह ठाकुर को संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं खेल एवं युवा कल्याण की संचालक तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

जिला पंचायत और नगर निगम में भी बदलाव

मंत्रालय में उप सचिव के पद पर पदस्थ रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है। वहीं लोक सेवा आयोग की परीक्षा नियंत्रक लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। नारायणपुर जिला पंचायत के CEO पद पर कार्यरत आकांक्षा शिक्षा खलखो को नई विभागीय जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर अन्य बदलाव भी किए गए हैं।

पर्यटन मंडल की कमान सौमिल चौबे को

कृषि विभाग के उप सचिव सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार संभालने की तारीख से पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक के असंवर्गीय पद को IAS के वरिष्ठ वेतनमान वाले संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है। वहीं पर्यटन मंडल के मौजूदा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।

बिलासपुर में भी बदले अपर कलेक्टर

नारायणपुर के अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अब अपर कलेक्टर, बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों और विभागों में नई प्रशासनिक टीम के साथ कामकाज शुरू होगा।

Youthwings