Raipur Murder Case: फिर मर्डर से दहला रायपुर, जुआ खेलने गए युवक की हत्या; रेलवे ट्रैक पर शव डालकर रची साजिश

Raipur Murder News

Raipur Murder Case: राजधानी रायपुर में आपराधिक वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही के दिनों में एक हफ्ते के भीतर हुई कई हत्याओं के बाद, अब गुढियारी थाना क्षेत्र के गोगांव इलाके में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ जुआ खेलने के दौरान हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रीतम साहू बीती रात गोगांव रेलवे पटरी के पास कुछ लोगों के साथ जुआ खेलने गया था। खेल के दौरान हार-जीत के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी निखिल ध्रुव और उसके साथियों ने प्रीतम पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। सीने, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे घाव लगने से प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की रची गई खौफनाक साजिश

कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शातिराना अंदाज में इसे आत्महत्या या रेल दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। आरोपियों ने मृतक के शव को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उसकी एक टांग भी कट गई।

पुलिस और क्राइम ब्रांच का एक्शन

सुबह सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची गुढ़ियारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जब डॉक्टरों और पुलिस ने शव का बारीकी से परीक्षण किया, तो सीने और पेट पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले, जिससे यह साफ हो गया कि मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का है।

इसके बाद हरकत में आई गुढ़ियारी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात तक सभी संदेहियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात में कुछ नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा खुलासा नहीं किया है, लेकिन जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक पर्दाफाश करने की बात कही जा रही है।

Youthwings