JSSC CGL स्पेशल रिपोर्ट: एक फैसले से छिन गई 2000 युवाओं की नौकरी; सचिवालय के बाहर फूट-फूटकर रोए ‘सरकारी बाबू’
रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे घमासान के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कैबिनेट ने एक ऐसा कड़ा फैसला लिया है, जिसने राज्य में जश्न और मातम की दो अलग-अलग तस्वीरें उकेर दी हैं। सरकार ने विवादों में घिरी JSSC-CGL परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
इस फैसले के बाद पिछले 24 दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच जहां खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं सबसे बड़ा वज्रपात उन 2000 युवाओं पर हुआ है, जो यह परीक्षा पास करके महीनों से सरकारी विभागों में नौकरी कर रहे थे। एक ही झटके में ये सभी ‘सरकारी बाबू’ बेरोजगार होकर सड़क पर आ गए हैं।
छिन गई 6 विभागों की नौकरी, सड़क पर आए 2000 युवा
30 दिसंबर 2025, यह वह तारीख थी जब रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC CGL-2023 के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को खुद अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे थे।
इन युवाओं ने राज्य के 6 अहम विभागों में अपनी सेवाएं शुरू कर दी थीं। लेकिन अब सरकार के फैसले ने इनका भविष्य अंधकार में डाल दिया है। रद्द हुई नियुक्तियों में शामिल पद इस प्रकार हैं:
- सहायक सचिवालय पदाधिकारी (ASO): 847
- कनीय सचिवालय सहायक: 288
- श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी: 170
- प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी: 249
- प्रखंड कल्याण पदाधिकारी: 191
- अंचल निरीक्षक-सह-कानूनगो: 178
- प्लानिंग असिस्टेंट: 4
फूट-फूटकर रोए अभ्यर्थी
सरकार का फैसला आते ही बड़ी संख्या में ये कर्मचारी सचिवालय के बाहर जमा हो गए। कई अभ्यर्थी फूट-फूटकर रोते नजर आए। उन्होंने रोते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले से अब हम सड़क पर आ गए हैं। यह हमारे अधिकारों और भविष्य की हत्या है।
विवादित एजेंसी ‘TDPL’ पर गिरा गाज: JPSC और JSSC की 15 परीक्षाएं रद्द
कैबिनेट की इस विशेष बैठक में सिर्फ JSSC CGL ही नहीं बल्कि परीक्षा आयोजित करने वाली विवादित एजेंसी TDPL के जिम्मे सौंपी गई 15 बड़ी परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है।
JPSC की ये 10 परीक्षाएं हुईं रद्द:
- संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (रेगुलर)
- संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (बैक्लॉग)
- 14वीं JPSC PT सहित संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
- सिविल जज जूनियर डिवीजन परीक्षा
- सहायक लोक अभियोजक (रेगुलर)
- सहायक लोक अभियोजक (बैक्लॉग)
- इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज भर्ती
- परियोजना प्रबंधक भर्ती
- बॉयलर इंस्पेक्टर भर्ती
- झारखंड पात्रता परीक्षा (JET)
JSSC की 5 बड़ी परीक्षाएं भी रद्द:
- JGGKCCE (CGL)
- झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय परीक्षा
- झारखंड फील्ड वर्कर प्रतियोगिता परीक्षा
- झारखंड वनरक्षक प्रतियोगिता परीक्षा
- झारखंड PGT शिक्षक नियुक्ति परीक्षा
क्या है आगे का रास्ता?
एक ओर जहां 24 दिनों से सड़कों पर संघर्ष कर रहे छात्र हेमंत सरकार के इस फैसले को अपनी बड़ी जीत बता रहे हैं, वहीं महीनों से काम कर रहे चयनित कर्मचारियों के लिए यह अन्याय का प्रतीक बन गया है।
लिखित आवेदन देकर गुहार लगाने के बाद भी जब सरकार ने उनकी नहीं सुनी, तो अब इन 2000 बेरोजगार हुए कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को आंदोलन की नई रूपरेखा तय करने के साथ ही इन अभ्यर्थियों ने न्यायालय (High Court) का दरवाजा खटखटाने की तैयारी पूरी कर ली है। अब झारखंड में रोजगार का यह मामला सड़क से उठकर अदालत की चौखट पर जाता दिख रहा है।
