ई-अटेंडेंस ऐप पर हाजिरी का बदला नियम! अब मैथ का सवाल हल करने के बाद ही लगेगी अटेंडेंस
भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने ई-अटेंडेंस (e-Attendance) से जुड़ा एक नया और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। रोजाना सुबह और शाम ऐप पर एक साथ लाखों शिक्षकों के लॉगिन-लॉगआउट करने से सर्वर पर आने वाले अत्यधिक दबाव और तकनीकी कमियों को दूर करने के लिए विभाग ने ऐप में नया सुरक्षा फीचर जोड़ा है।
सर्वर क्रैश से निपटने के लिए मैथ का कैप्चा लागू
हाल ही में प्रदेश भर में एक साथ लगभग पौने दो लाख शिक्षकों के ऐप से अचानक लॉगआउट होने के कारण सिस्टम ठप हो गया था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शिक्षा विभाग ने ई-अटेंडेंस ऐप में नया तरीका अपनाया है:
गणित का सवाल करना होगा हल: अब ऐप पर हाजिरी दर्ज करते समय शिक्षकों की स्क्रीन पर एक साधारण जोड़-घटाव (Math Captcha) का सवाल दिखेगा। सही जवाब दर्ज करने के बाद ही उपस्थिति मान्य की जाएगी।
15 मिनट का मिला ग्रेस पीरियड: शिक्षकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए उपस्थिति दर्ज करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त ग्रेस टाइम भी दिया गया है।
लाखों शिक्षक दायरे में: प्रदेश में वर्तमान में 3 लाख से अधिक शिक्षक एवं अतिथि शिक्षक रोजाना ऐप के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं।
अटेंडेंस की टाइमिंग: शिक्षकों को निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10:30 बजे ‘इन’ की और शाम 4:30 बजे ‘आउट’ की हाजिरी लगानी होती है।
