जेल में बंद सास-पति की मुश्किलें बढ़ीं! भोपाल के हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा केस में CBI ने दायर किया आरोप पत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपना शिकंजा कस दिया है। सोमवार को सीबीआई ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। दोनों आरोपियों पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

सीबीआई की ओर से कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के तहत आरोप तय किए गए हैं। इसके अलावा, दोनों पर दहेज निषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत भी चार्ज लगाए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा ने पिछले साल दिसंबर में वकील समर्थ सिंह से शादी की थी। शादी के महज कुछ महीनों बाद, 12 मई को ट्विशा अपने भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी हुई पाई गई थीं।

FIR के मुताबिक पति समर्थ सिंह ट्विशा को रात करीब 10:20 बजे AIIMS भोपाल ले गया था, जहां उसने डॉक्टरों को बताया कि ट्विशा ने फांसी लगा ली है। हालांकि एम्स के डॉक्टरों ने पुलिस को जानकारी दी कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही ट्विशा की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया था।

परिजनों के गंभीर आरोप

ट्विशा के मायके वालों ने पति समर्थ और सास गिरिबाला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि दोनों ट्विशा को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित करते थे।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद CBI को सौंपी गई जांच

शुरुआत में इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस कर रही थी। लेकिन ट्विशा की मौत को लेकर उठे सवालों और परिजनों की मांग के बाद, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शव का दूसरा पोस्टमार्टम करने का आदेश दिया था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 मई को सीबीआई ने इस केस को अपने हाथ में ले लिया।

2 जून से सेंट्रल जेल में बंद हैं सास और पति

सीबीआई की जांच शुरू होने के बाद पति समर्थ और पूर्व जज सास गिरिबाला को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों आरोपी 2 जून से भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं।

मामले की पिछली सुनवाई में कोर्ट ने सीबीआई को फाइनल रिपोर्ट पेश करने के लिए सोमवार तक का समय दिया था। इस बीच, खबर है कि मुख्य आरोपी और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत अर्जी पर अगले हफ्ते मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई हो सकती है।

Youthwings