CGPSC रिजल्ट में ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ का चयन, सोशल मीडिया पर शुरू हुई तंज और मीम्स की बौछार
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होते ही सोशल मीडिया को नया मसाला मिल गया। वजह बनी मेरिट सूची में शामिल कुछ ऐसे नाम, जिन्हें देखकर लोग पहले मुस्कुराए, फिर स्क्रीनशॉट लेकर शेयर करने लगे। सूची में “NEWS”, “SPACERANI” और “TUFAIL” जैसे नामों ने इंटरनेट पर अलग ही चर्चा छेड़ दी।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी परिणाम सूची का स्क्रीनशॉट अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों जगह प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया।
NEWS और SPACE RANI ने किया क्वालीफाई, सोशल मीडिया पर शुरू हुई ‘ब्रेकिंग’
CGPSC द्वारा जारी सूची में क्रमांक 6074 पर NEWS नाम के अभ्यर्थी का चयन हुआ है, जबकि 467 क्रमांक पर SPACERANI नाम की अभ्यर्थी मेंस परीक्षा के लिए क्वालीफाई करती नजर आईं। वहीं 5769 क्रमांक पर TUFAIL नाम भी चयनित अभ्यर्थियों में शामिल है।
बस फिर क्या था… सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई।
किसी ने लिखा, “अब NEWS खुद खबर नहीं दिखाएगा, वर्दी पहनकर पूछताछ करेगा।”
तो किसी ने चुटकी ली, “SPACE RANI धरती पर उतरते ही सीधे मेंस में पहुंच गई।”
भूपेश बघेल ने भी शेयर किया स्क्रीनशॉट
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने फेसबुक पेज पर परिणाम सूची का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए तंज भरी टिप्पणी की। पोस्ट के बाद समर्थकों और विरोधियों के बीच टिप्पणियों की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, जबकि कुछ ने आयोग की सूची को लेकर सवाल भी उठाए। हालांकि सूची में दर्ज नामों की प्रामाणिकता पर आयोग की ओर से कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर तंजों की बरसात
परिणाम सामने आने के बाद इंटरनेट पर कई व्यंग्यात्मक पोस्ट वायरल होने लगे। एक यूजर ने लिखा कि “महतारी वंदन योजना के बाद यह भी बड़ी उपलब्धि है, अब NEWS और SPACE RANI भी सरकारी नौकरी की दौड़ में हैं।” दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि “अगर ऐसा ही चलता रहा तो अगली भर्ती में RADIO, BREAKING, LIVE और HD भी मेरिट लिस्ट में मिल जाएंगे।” हालांकि यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल प्रतिक्रियाओं और व्यंग्यात्मक टिप्पणियों का हिस्सा है।
7301 अभ्यर्थी मेंस परीक्षा के लिए सफल
CGPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 7301 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है और अब वे मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिणाम जारी किया है। फिलहाल चर्चा परीक्षा से ज्यादा अभ्यर्थियों के अनोखे नामों की हो रही है।
