शहजाद पूनावाला के X Bio से BJP गायब! क्या सच में छोड़ दी पार्टी?

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की चर्चाओं ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उनके X प्रोफाइल से बीजेपी और राष्ट्रीय प्रवक्ता पद का उल्लेख हटाए जाने के बाद अटकलें तेज हो गई हैं।

 

 

Shehzad Poonawalla Resignation: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफे की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को इस्तीफा सौंप दिया है और इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, अभी तक बीजेपी या शहजाद पूनावाला की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

X प्रोफाइल से हटाया बीजेपी का नाम

 

शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की अटकलों को उस समय और हवा मिली, जब उन्होंने अपने X प्रोफाइल से बीजेपी और अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता पद का उल्लेख हटा दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी प्रोफाइल में इंडिया फर्स्ट से जुड़ी इमेज लगाई।

 

उन्होंने अपने नए बायो में खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का Lifelong Follower बताया है। गुरुवार को उन्होंने अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया और कैप्शन में लिखा कि यह उनका अपडेटेड बायो है।

 

सक्रिय राजनीति छोड़ने के संकेत दे चुके हैं

 

शहजाद पूनावाला ने इस्तीफे की चर्चाओं से एक दिन पहले अपना एक पुराना इंटरव्यू भी शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा जाहिर की थी।

 

इसके अलावा वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसे पुराने वीडियो भी साझा कर रहे थे, जिनमें उन्होंने सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने के संकेत दिए थे।

 

2024 चुनाव के बाद राजनीति छोड़ने की कही थी बात

 

जनवरी 2025 के एक वीडियो क्लिप में शहजाद पूनावाला राजनीतिक लक्ष्य और चुनावी लक्ष्य को अलग बताते नजर आए थे। उन्होंने कहा था कि चुनाव नहीं जीतने या सांसद नहीं बनने का मतलब यह नहीं है कि कोई व्यक्ति समाज और देश के लिए योगदान नहीं दे सकता।

 

एक अन्य वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया था। इन पुराने बयानों को अब उनके संभावित इस्तीफे से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

कांग्रेस से शुरू किया था राजनीतिक सफर

 

शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। उन्होंने 2008 में कांग्रेस के साथ राजनीति शुरू की। इस दौरान वह NSUI के उपाध्यक्ष, कांग्रेस की मीडिया रिसर्च टीम के सदस्य और महाराष्ट्र कांग्रेस में सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

 

2017 में उनके राजनीतिक करियर में बड़ा मोड़ आया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व को चुनौती दी थी। इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए।

 

बीजेपी में बने राष्ट्रीय प्रवक्ता

 

बीजेपी में शामिल होने के बाद शहजाद पूनावाला पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए और उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। वह टीवी डिबेट और सोशल मीडिया के जरिए पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं।

 

अब उनके X प्रोफाइल से बीजेपी का नाम हटाए जाने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

आधिकारिक बयान का इंतजार

 

फिलहाल शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने या इस्तीफा देने की खबरों पर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है। पार्टी की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में इस्तीफे की खबर की पुष्टि आधिकारिक घोषणा के बाद ही मानी जाएगी।

 

 

Youthwings