थाईलैंड में 3 भारतीय पर्यटकों के अपहरण का खुलासा, 5 भारतीय गिरफ्तार; जांच में पाकिस्तानी मास्टरमाइंड का नाम सामने आया
थाईलैंड के पर्यटन शहर पटाया में तीन भारतीय पर्यटकों के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है और इस मामले में पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि पूरी साजिश एक पाकिस्तानी नागरिक ने रची थी, जो दुबई से संपर्क में था।
सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर बुलाया
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों की पहचान मोहित (23), आशीष (24) और हिमांशु (20) के रूप में हुई है। आरोप है कि तीनों को कम कीमत वाले सात दिन के टूर पैकेज का लालच देकर पटाया बुलाया गया। थाईलैंड पहुंचने के बाद उन्हें एक मकान में बंधक बना लिया गया। इसके बाद उनके परिवारों से प्रत्येक युवक के बदले 40-40 लाख रुपये, यानी कुल 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।
दुबई से संचालित हो रही थी साजिश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह, जगजीत सिंह, रंभालक कुमार, सुखबीर सिंह और कुलरा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले करीब एक महीने से चैट एप्लिकेशन के जरिए दुबई में मौजूद एक पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थे। आरोप है कि उसी ने अपहरण की पूरी योजना तैयार की और फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से लेने की योजना बनाई थी। इसके बदले आरोपियों को नकद रकम, कीमती सामान और थाईलैंड से बाहर निकलने के लिए एयर टिकट देने का वादा किया गया था।
पीड़ितों के साथ मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
मुक्त कराए गए युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें कई दिनों तक भोजन नहीं दिया गया। उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और उन्हें उल्टा लटकाकर पीटा गया। आरोपियों ने उनके शरीर पर लाल स्प्रे पेंट लगाया ताकि वीडियो कॉल के दौरान ऐसा लगे कि वे गंभीर रूप से घायल हैं और उनके शरीर से खून बह रहा है। इन वीडियो के जरिए परिवारों पर जल्द फिरौती देने का दबाव बनाया जा रहा था।
read more : नीली से भगवा हुई भारतीय हॉकी टीम की जर्सी! प्रियंका गांधी ने उठाए बड़े सवाल, हॉकी इंडिया ने दी सफाई
भारतीय दूतावास की सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पीड़ितों के परिजनों ने मामले की जानकारी भारतीय दूतावास को दी। इसके बाद 21 जुलाई को दूतावास ने चोनबुरी इमिग्रेशन पुलिस और पटाया पुलिस को अलर्ट किया। सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने पटाया के एक टाउनहाउस पर छापा मारा। वहां तीनों युवक अलग-अलग कमरों में बंधे मिले। उनके मुंह पर टेप लगी थी और शरीर पर चोट के निशान थे। मौके से पुलिस ने टेप, लकड़ी का डंडा और लाल स्प्रे पेंट भी बरामद किया है।
पहले भी भारतीय पर्यटक को बनाया गया था शिकार
पीड़ितों ने पूछताछ में बताया कि उनके आने से पहले भी एक अन्य भारतीय नागरिक को उसी मकान में बंधक बनाया गया था। आरोप है कि उसके परिवार ने करीब 30 लाख रुपये की फिरौती चुकाने के बाद उसे छोड़ा गया था।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
थाई पुलिस अब इस मामले के कथित पाकिस्तानी मास्टरमाइंड और उससे जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और मामले से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
