Chhattisgarh Morning News’: सीएम साय का रायगढ़ दौरा आज, शाम को दिल्ली रवाना… अगले 3 दिन बारिश का बड़ा अलर्ट
Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जबकि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया ह
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज राजनीति, धर्म और मौसम तीनों बड़ी खबरों के केंद्र में हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का रायगढ़ दौरा और रात में दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम तय है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। जानिए आपके जिले का क्या है हाल और किन इलाकों में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
Chhattisgarh Morning News: सीएम विष्णुदेव साय का आज रायगढ़ दौरा, रात में जाएंगे दिल्ली
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बुधवार का दिन धार्मिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों से भरपूर रहेगा। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रायगढ़ रवाना होंगे। सबसे पहले वे ग्राम पंचायत बनोरा स्थित अघोर आश्रम पहुंचकर गुरु दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर, पंडरीपानी और श्री सत्यनारायण बाबा धाम, कोसमनारा में प्रस्तावित है। इन दोनों स्थानों पर उनका कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में रायपुर लौटेंगे।
रात में एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर होंगे रवाना
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम को प्रशासनिक कार्यक्रमों के तहत एक दिवसीय दिल्ली प्रवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे और रात 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E-5347 से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। रात 11:25 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने के बाद वे छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मानसून रहेगा पूरी तरह एक्टिव
प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिखाई देगा।
रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट
29 जुलाई को रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में गरज-चमक के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और जशपुर सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।
30 और 31 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि 30 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
31 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन उत्तर और पूर्वी छत्तीसगढ़ के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों के लिए विशेष अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, बलौदाबाजार, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: Commonwealth Games 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर मेडल
Commonwealth Games 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर मेडल
