Pakistan Gen Z Protest: भारत के बाद पाकिस्तान में भी ‘कॉकरोच पार्टी’! युवाओं ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
भारत में CJP के प्रदर्शन से प्रेरित होकर सिंध हैदराबाद के युवा सड़कों पर उतरे, SSPC परीक्षा में भेदभाव और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई
भारत में हुए कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन पाकिस्तान पहुंच गया है। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का असर पाकिस्तान के जेन जी पर भी देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान में भी युवा कथित अनियमितताओं के खिलाफ सड़क पर उतरने का मन बना रहे हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान में कॉकरोच पार्टी का आंदोलन शुरू भी हो गया है।
सिंध प्रांत के हैदराबाद में चल रहे आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़ दिया गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से प्रभावित सिंध हैदराबाद के लोगों ने अपने आंदोलन को कॉकरोच पार्टी ऑफ पाकिस्तान कह दिया है।
पाकिस्तान के जेन जी ने कहा है कि हम जंतर-मंतर जैसा आंदोलन करना चाहते हैं, लेकिन ऐसा किया तो आर्मी उन्हें उठा ले जाएगी। भारत में चले आंदोलन की तरह ही पाकिस्तान के इंस्टाग्राम हैंडल्स से रील के हमले शुरू हो गए हैं, हालांकि ज़्यादातर युवाओं को खुलकर आंदोलन करने से एक डर रोक रहा है जो कि पाकिस्तान की तानाशाही की खुली तस्वीर है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप यह है कि परीक्षा के नतीजों में सिंध के स्थानीय युवाओं के साथ भेदभाव किया गया। इस मामले के खिलाफ सिंध स्टूडेंट एक्शन कमेटी ने सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन (SSPC) के दफ्तर के बाहर तम्बू गाड़ दिया है।
बता दें कि साल 2024 में सिंध पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा आयोजित की गई परीक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। पाकिस्तान की दूसरी संस्थाओं की तरह ही SSPC पर भी भारी भ्रष्टाचार के आरोप हैं। मामले ने जब तूल पकड़ा तो सिंध हाईकोर्ट ने मई के महीने में परीक्षा के नतीजे पर रोक लगा दी थी।
सिंध के युवा कह रहे हैं कि नेताओं और अफसरों के बेटे हैं जिन्हें नौकरी मिल गई। NEET परीक्षा के नाम पर भारत में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन खत्म हुआ ही था कि सिंध के युवाओं ने कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान बना ली। जैसे ही इंस्टाग्राम पर कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान का उदय हुआ, लाखों पाकिस्तानी युवा इस आंदोलन से जुड़ने लगे।
पाकिस्तानी युवाओं का डर
पाकिस्तान के युवाओं ने कहा है कि हम अपने मुल्क में भी जंतर-मंतर जैसा आंदोलन करना चाहते हैं, लेकिन ऐसा किया तो बाहर जीप आ जाएगी। अपनी रील के जरिए उन्होंने शहरों में बताया कि अगर उन्होंने सरकार के खिलाफ आंदोलन किया तो पाकिस्तान सेना या आर्मी उन्हें उठा ले जाएगी।
कई छात्रों ने सीधे पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तस्वीर लगा रखी है और यह कहा है कि उनके डर की वजह से आंदोलन नहीं हो पा रहा है।
हालांकि, पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से इन आंदोलनों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। फिलहाल, सिंध के युवा अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
