NTA में बड़ा एक्शन! 47 अधिकारी बर्खास्त, कई और अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी
नई दिल्ली। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में व्यापक सुधार प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी के 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इनमें से कुछ मामलों में कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा सकती है।
एक महीने में बदलेगा NTA का ढांचा
जानकारी के मुताबिक, सरकार अगले एक महीने के भीतर NTA की कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए विशेषज्ञ समिति (Expert Committee) की सिफारिशों के आधार पर एजेंसी के प्रशासनिक ढांचे और परीक्षा संचालन प्रणाली को नए सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा।
आउटसोर्सिंग प्रक्रिया में भी होंगे बदलाव
सूत्रों का कहना है कि परीक्षा संचालन से जुड़ी आउटसोर्सिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। सरकार ऐसा सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता पहले से अधिक मजबूत हो सके तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं की संभावना न्यूनतम रहे।
read mor :सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर होगी बंपर भर्ती
पेपर लीक विवाद के बाद तेज हुई सुधार प्रक्रिया
हाल के समय में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में सुधार को प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में NTA के भीतर प्रशासनिक बदलाव, जवाबदेही तय करने और परीक्षा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
आगे भी हो सकते हैं कई अहम फैसले
सूत्रों के अनुसार, NTA में सुधार की प्रक्रिया अभी जारी है और आने वाले समय में एजेंसी की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त प्रशासनिक और तकनीकी निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
