टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में रहने वालों की मौज: अब ऐप से बनेगा लोकल टोल पास, अनलिमिटेड यात्रा का मिलेगा लाभ
नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग ‘राजमार्गयात्रा’ (RajmargYatra) मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल लोकल टोल पास खरीद सकेंगे। इस पास के माध्यम से संबंधित टोल प्लाजा पर एक महीने तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के असीमित आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
मोबाइल ऐप से घर बैठे बनेगा लोकल पास
नई व्यवस्था के तहत पात्र स्थानीय निवासी सीधे मोबाइल ऐप पर आवेदन कर डिजिटल पास प्राप्त कर सकेंगे। इससे टोल प्लाजा पर अलग से प्रक्रिया पूरी कराने की जरूरत नहीं होगी और स्थानीय लोगों को नियमित आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
22 भारतीय भाषाओं में दर्ज कर सकेंगे शिकायत
NHAI ने ऐप में नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार किया है। अब उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में अपनी शिकायत, सुझाव या सवाल लिखकर या वॉइस के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे। संबंधित जानकारी और सहायता भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएगी।
FASTag और ई-नोटिस की जानकारी भी मिलेगी
‘राजमार्गयात्रा’ ऐप पर यात्री अपने FASTag का ब्लैकलिस्ट स्टेटस, लंबित ई-नोटिस और अन्य आवश्यक जानकारियां भी देख सकेंगे। इससे हाईवे पर यात्रा के दौरान आने वाली कई समस्याओं का समाधान एक ही प्लेटफॉर्म पर संभव होगा।
read more : ‘प्रधान, शाह और पीएम मोदी दें इस्तीफा’, PM आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, रातभर चलेगा राहुल का धरना
‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र भी हुआ शामिल
यात्रियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए NHAI ने ‘मार्ग मित्र’ हेल्प सेंटर को भी इसी ऐप में जोड़ा है। यह सुविधा हाईवे उपयोगकर्ताओं को जानकारी प्राप्त करने, शिकायत दर्ज करने और आवश्यक सहायता लेने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच उपलब्ध कराती है।
डिजिटल सेवाओं से यात्रा होगी और आसान
NHAI का कहना है कि इन नई डिजिटल सुविधाओं का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। लोकल पास, शिकायत निवारण और FASTag संबंधी सेवाओं के एक ही ऐप पर उपलब्ध होने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
