सरगुजा में आकाशीय बिजली का कहर, 4 बच्चे चपेट में आए, 2 की मौके पर मौत
सरगुजा में दर्दनाक हादसा, आकाशीय बिजली ने उजाड़ दी दो परिवारों की खुशियां
Ambikapur Lightning Strike News: हल्की बारिश के बीच खेल रहे बच्चों पर अचानक आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली। कुछ ही सेकंड में दो मासूमों की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि दो बच्चे अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। आखिर कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा? पढ़िए पूरी खबर।
Ambikapur Lightning Strike News: हल्की बारिश के बीच गिरी बिजली, 2 बच्चों की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम में आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे इसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की है। ग्राम नागम में हल्की बारिश हो रही थी, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उसी समय चार बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि 11 वर्षीय रंजीत नगेसिया और 12 वर्षीय रोशन पनिका की मौके पर ही मौत हो गई।
दो सगे भाई अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल 13 वर्षीय प्रभु राम और 11 वर्षीय दिनेश, जो आपस में सगे भाई हैं, गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पहुंची। मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए धौरपुर अस्पताल भेजा गया है। अचानक हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
प्रशासन ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील भी की है।
