रायपुर में स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का जन अभियान शुरू, घर-घर पहुंचे कार्यकर्ता
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में लाखेनगर से अभियान की शुरुआत, 2000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित, 70 वार्डों में चलेगा अभियान
रायपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती शिकायतों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अत्यधिक बिजली बिल आने की समस्या को लेकर जन अभियान की शुरुआत की है। बरसते पानी में यह अभियान शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने से प्रारंभ किया गया ।
घर-घर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर बदलने एवं बिजली बिलों की जांच की मांग से संबंधित आवेदन पत्र वितरित किए और उपभोक्ताओं से आवेदन भरकर बिजली विभाग में जमा करने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र के नागरिकों ने अभियान का उत्साहपूर्वक समर्थन किया ।
अभियान के दौरान बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। अनेक उपभोक्ता स्वयं आगे बढ़कर आवेदन पत्र लेने पहुंचे और बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं ।
कांग्रेस का आरोप- ‘सरकार जनता को लूट रही है’
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। लगातार लोग कांग्रेस के पास अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके ।
मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ढाई साल के कार्यकाल में लगातार 5 बार बिजली दामों में बढ़ोतरी कर स्मार्ट मीटर लगाकर दोगुना-तिगुना बिल वसूली कर रही है । उन्होंने कहा कि महतारी वंदन के नाम पर एक हजार देकर बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल और महंगाई के माध्यम से आम जनों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है ।

उत्तर प्रदेश का हवाला
मेनन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है और वहां आम जनता के आक्रोश को देखकर उत्तर प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर पर रोक लगा दी है। उन्होंने मांग की कि छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर पर रोक लगे और पुराना मीटर वापस लगाया जाए ।
नेताओं ने क्या कहा?
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार मिलकर स्मार्ट मीटर को लूट का माध्यम बना रही है । पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए हैं ।
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा । प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो कांग्रेस बिजली उपभोक्ताओं के हित में आगे भी लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी ।
Read more-
Raipur Family Death: एक ही घर से निकले 5 शव, टिकरापारा की घटना ने पूरे रायपुर को झकझोरा
