CBSE Class 10 Second Board Exam Result 2026: जारी हुआ रिजल्ट, जानें कैसे देखें स्कोरकार्ड
NEP 2020 के तहत साल में दो बोर्ड परीक्षा का दूसरा परिणाम, दोनों परीक्षाओं में से बेहतर अंक होंगे अंतिम
CBSE Class 10 Second Board Result 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 18 जुलाई 2026 को कक्षा 10वीं के Second Board Examination 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत पहली बार लागू की गई साल में दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था के बाद यह दूसरा परिणाम है। परीक्षा में शामिल छात्र डिजिलॉकर के आधिकारिक रिजल्ट पोर्टल results.digilocker.gov.in पर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।
दो परीक्षाओं में बेहतर अंक ही होंगे अंतिम
CBSE की नई परीक्षा व्यवस्था के अनुसार, जो नियमित छात्र दोनों बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए हैं, उनके अंतिम परिणाम में दोनों में से बेहतर (Best Score) को ही मान्यता दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों पर बोर्ड परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें प्रदर्शन सुधारने का अतिरिक्त अवसर देना है।
इसमें मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी, जबकि प्रदर्शन सुधार और कंपार्टमेंट छात्रों के लिए सेकेंड बोर्ड परीक्षा 15 से 21 मई 2026 के बीच हुई।
सेकेंड बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन
CBSE के अनुसार, सेकेंड बोर्ड के लिए 6,64,027 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 5,13,955 छात्र स्कोर सुधारने (Improvement) के उद्देश्य से परीक्षा में बैठे थे। इनमें से 3,08,095 छात्रों (59.95%) ने अपने मुख्य परीक्षा के मुकाबले बेहतर अंक हासिल किए।
कंपार्टमेंट रिजल्ट में भी बढ़ी सफलता
कंपार्टमेंट श्रेणी में 1,49,822 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 78,503 छात्र (52.40%) सफल घोषित किए गए। यह आंकड़ा वर्ष 2025 के 48.68% पास प्रतिशत से बेहतर है।
मुख्य और सेकेंड बोर्ड परीक्षा के संयुक्त परिणाम के बाद CBSE कक्षा 10 का कुल पास प्रतिशत 96.78% दर्ज किया गया। इसने कंपार्टमेंट छात्रों को भी नया अवसर प्रदान किया है।
मार्कशीट और जरूरी जानकारी
CBSE स्कूलों को स्कूल-वार परिणाम उनके पंजीकृत ईमेल पर भेजेगा। नियमित छात्रों को मूल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट संबंधित स्कूलों से मिलेंगे, जबकि प्राइवेट उम्मीदवारों के डिजिटल दस्तावेज डिजिलॉकर पर उपलब्ध रहेंगे और प्रिंटेड कॉपी उनके पंजीकृत पते पर भेजी जाएगी।
इसको देखने के लिए छात्र डिजिलॉकर पोर्टल पर अपने क्रेडेंशियल्स का उपयोग कर सकते हैं। CBSE ने सभी छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
