पुरी जगन्नाथ रथयात्रा में अफरा-तफरी, भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति; दो श्रद्धालु की मौत, 100 से ज्यादा घायल
पुरी। ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में दो श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे रथयात्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीड़ बढ़ने से बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु बड़ा डांडा (ग्रैंड रोड) पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कई श्रद्धालु गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
सांस लेने में दिक्कत के बाद श्रद्धालु की मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल दो श्रद्धालु को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कई अन्य घायल श्रद्धालुओं का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
READ MORE : जयंत वैष्णव को मिली मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी, 5 इंस्पेक्टरों के तबादला आदेश में बदलाव
वीडियो में दिखी भयावह स्थिति
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में ग्रैंड रोड पर भारी भीड़, लोगों के बीच अफरा-तफरी और सड़क पर बिखरी चप्पलें दिखाई दे रही हैं। इससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घायलों की अंतिम संख्या और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
