नकटी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस की ‘न्याय पदयात्रा’,पुनर्वास और मुआवजे की मांग लेकर राजभवन तक मार्च

नकटी कार्रवाई

रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस ने बुधवार को ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, विधायक, कार्यकर्ता और प्रभावित ग्रामीण शामिल हुए। पदयात्रा का उद्देश्य राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग करना है।

नकटी से राजभवन तक निकली पदयात्रा

करीब 13 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन (लोकभवन) तक पहुंचने के लिए निर्धारित की गई।

कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद 85 परिवार प्रभावित हुए, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। पार्टी की मांग है कि सभी प्रभावित परिवारों को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट जमीन आवंटित कर स्थायी पुनर्वास किया जाए और जिनके मकान टूटे हैं, उन्हें नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।

अस्थायी आवास का प्रस्ताव ठुकराया

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन द्वारा सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में अस्थायी रूप से रहने का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही बसना चाहते हैं और वहीं स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। वर्तमान में प्रभावित परिवार टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

पदयात्रा के दौरान दीपक बैज को लगी चोट

पदयात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट के कारण वे पैदल यात्रा जारी नहीं रख सके। इसके बाद वे वाहन में सवार होकर पदयात्रा के साथ आगे बढ़े, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण पैदल मार्च करते रहे।

READ MORE : नकटी में हुई कार्रवाई पर विधानसभा में स्थगन, बारिश में ही क्यों चली बुलडोजर? सरकार से तीखे सवाल

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट

पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। वहीं यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।

सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना जताई गई। इस दौरान सर्विस रोड बंद रखने का निर्णय लिया गया और महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

नकटी गांव के सभी प्रभावित परिवारों का स्थायी पुनर्वास।
प्रत्येक परिवार को नकटी में ही 2,000 वर्गफीट भूमि का आवंटन।
मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान का उचित मुआवजा।
प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और पुनर्वास योजना लागू करना।

Youthwings