Chhattisgarh Morning News: ED का बड़ा एक्शन, विधानसभा में तीसरा दिन, कांग्रेस की न्याय यात्रा… पढ़िए आज की बड़ी खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: विधानसभा मानसून सत्र का तीसरा दिन, कांग्रेस की न्याय यात्रा और प्रदेश में बढ़ते अपराध समेत पढ़िए छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी खबरें

महादेव बेटिंग ऐप मामले में ED की बड़ी गिरफ्तारी, विधानसभा में आज कई अहम मुद्दों पर चर्चा, कांग्रेस की न्याय यात्रा और प्रदेश में दो साल में दर्ज हुई 2960 हत्याओं के आंकड़े… आखिर आज छत्तीसगढ़ में क्या-क्या होने वाला है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस में ED का बड़ा एक्शन

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। तीस हजारी कोर्ट ने उसे 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ED को सौंप दिया है। जांच एजेंसी की टीम विकास गर्ग को रायपुर लेकर रवाना हो चुकी है, जहां आज उसे स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। ED उससे मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, हवाला लेनदेन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों में कस्टोडियल रिमांड लेकर पूछताछ करेगी। इससे पहले ED विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त कर चुकी है।

छत्तीसगढ़ में दो साल में 2960 हत्या के मामले

प्रदेश में अपराध के आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में 2960 हत्या के मामले दर्ज किए गए हैं। यानी औसतन हर महीने 123 और हर दिन करीब 4 लोगों की हत्या हुई। राजधानी रायपुर सबसे आगे रहा, जहां 169 हत्या के मामले दर्ज हुए। इसके बाद जशपुर और रायगढ़ में 114-114, दुर्ग और सरगुजा में 113-113, जबकि बिलासपुर में 109 हत्या के मामले सामने आए। हैरानी की बात यह है कि नक्सल प्रभावित कई बस्तर जिलों की तुलना में रायपुर में अधिक हत्याएं दर्ज हुई हैं।

नकटी से राजभवन तक कांग्रेस की न्याय यात्रा

नवा रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में आज कांग्रेस न्याय यात्रा निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में यह यात्रा नकटी गांव से राजभवन तक जाएगी। कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है। वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के पास यात्रा को रोका जा सकता है और इसके लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

विधानसभा मानसून सत्र का तीसरा दिन आज

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें डिप्टी सीएम विजय शर्मा विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत साहेब भी सदन में जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण प्रस्तावों सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष सरकार को कई मामलों पर घेरने की तैयारी में है, जिससे सदन में तीखी बहस के आसार हैं।

यह भी पढ़ें: 57,700 रुपये मासिक मानदेय की मांग को लेकर अतिथि व्याख्याताओं का प्रदर्शन, मंत्री से बातचीत नहीं बनी

Youthwings