छत्तीसगढ़ विधानसभा: अमानक दवाओं से लेकर PMGSY सड़कें और फायर स्टेशन तक गूंजे कई बड़े मुद्दे, सरकार ने दिए जवाब

छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को स्वास्थ्य, सड़क, अग्निशमन व्यवस्था और प्लेसमेंट कर्मियों के पुलिस सत्यापन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सदन में कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने अमानक दवाओं की खरीदी का मामला उठाया, जबकि भाजपा विधायकों ने अस्पतालों की सुरक्षा, PMGSY सड़कों की स्थिति और फायर स्टेशनों की उपलब्धता पर सरकार से जवाब मांगा।

अमानक दवाओं की खरीदी पर सरकार से सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्थान पर कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने सदन में एस्प्रीन समेत अन्य कथित अमानक दवाओं की खरीदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि जिन दवाओं पर रोक लग चुकी है, उनकी खरीदी कब और कितनी मात्रा में की गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा कि जिस दवा कंपनी के दो उत्पाद गुजरात में ब्लैकलिस्ट किए गए थे, उसी आधार पर यह मान लेना सही नहीं है कि छत्तीसगढ़ में खरीदी गई दवाएं भी प्रतिबंधित थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में खरीदी गई दवा अलग उत्पाद (अनकोटेड) है और गुजरात में ब्लैकलिस्ट की गई दवा से उसका संबंध नहीं है। हालांकि अटल श्रीवास्तव ने सरकार से सवाल किया कि यदि गुजरात में किसी दवा पर प्रतिबंध लगाया गया है तो उसी कंपनी की दवाएं छत्तीसगढ़ के गरीब मरीजों को क्यों दी जा रही हैं।

प्लेसमेंट कर्मियों के पुलिस सत्यापन का मुद्दा भी गूंजा

भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने अस्पतालों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पुलिस सत्यापन के कर्मचारियों को भुगतान किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि वर्तमान अनुबंध की शर्तों में पुलिस सत्यापन न होने पर भुगतान रोकने का कोई प्रावधान नहीं है। हालांकि भविष्य के टेंडरों में इस संबंध में आवश्यक प्रावधान शामिल किए जाएंगे। धरमलाल कौशिक ने अस्पतालों में चोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का भी मुद्दा उठाया। मंत्री ने कहा कि विभाग ने दोषियों पर कार्रवाई की है और कर्मियों के पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया भी कराई गई है।

अजय चंद्राकर और स्वास्थ्य मंत्री के बीच नोकझोंक

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के पूरक प्रश्न के दौरान सदन में हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यदि जवाब चाहिए तो “आप ही जवाब दे दीजिए।” इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि मंत्री प्रश्नों को घुमाते भी हैं और नाराज भी हो जाते हैं। जवाब में मंत्री ने कहा कि प्रश्न घुमावदार था और जो भी जानकारी मांगी जाएगी, सरकार उपलब्ध कराएगी।

read more : न नौकरी, न कारोबार… फिर भी 41 करोड़ का लेन-देन! हकीकत जानकर रह जाएंगे हैरान

PMGSY की खराब सड़कों पर उठे सवाल

भाजपा विधायक प्रबोध मिंज ने लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सदन को बताया कि संबंधित क्षेत्र में 87 सड़कें अभी मरम्मत अवधि में हैं। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों का निर्माण और मरम्मत बजट उपलब्धता के आधार पर जल्द कराया जाएगा।

6 जिलों में अब भी नहीं हैं फायर स्टेशन

भाजपा विधायक सुनील सोनी के प्रश्न के जवाब में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जून 2026 तक छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में अभी भी फायर स्टेशन स्थापित नहीं हो सके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में फायर स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए 1 अरब 56 करोड़ 71 लाख 29 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि अप्रैल 2026 से जून 2026 की अवधि के लिए मंजूर की गई है।

विधानसभा में बना अनोखा रिकॉर्ड

सदन की कार्यवाही के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े एक ही प्रश्न पर 8 विधायकों ने पूरक प्रश्न पूछे। इसे विधानसभा की कार्यवाही का एक उल्लेखनीय क्षण माना गया। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सवालों का विस्तृत उत्तर देने पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई भी दी।

Youthwings