Chhattisgarh Morning News: विधानसभा में आज घमासान, 5 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन, कांग्रेस की पदयात्रा देखिए छत्तीसगढ़ में क्या हलचल रहने वाली है

Chhattisgarh Morning News: क्या आज विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव से मचेगा सियासी बवाल? किन जिलों में होगी भारी बारिश? 250 नई MBBS सीटों से किसे मिलेगा फायदा? पढ़िए छत्तीसगढ़ की आज सुबह की सभी बड़ी खबरें एक ही जगह।

विधानसभा के दूसरे दिन हंगामे के आसार

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर सरकार जवाब देगी। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी कई महत्वपूर्ण लेखा परीक्षण रिपोर्ट और वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे। जल जीवन मिशन, मनरेगा, राज्य वित्त आयोग और जिला खनिज न्यास से जुड़ी CAG रिपोर्ट भी पेश की जाएगी।

नियम 138 के तहत पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जांजगीर जिला अस्पताल में अनियमितताओं का मुद्दा उठेगा। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों से जुड़ी कई याचिकाएं भी सदन में प्रस्तुत होंगी। सरकार चार संशोधन विधेयकों को दोबारा पेश करेगी। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के सहयोग पर आभार प्रस्ताव रखेंगे। कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगी, जिससे सदन में तीखी बहस की संभावना है।

प्रदेश को मिले 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज

छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने प्रदेश के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में MBBS की पढ़ाई शुरू होगी।

हर कॉलेज में 50 सीटें रहेंगी, जिससे प्रदेश में कुल 250 नई MBBS सीटें जुड़ जाएंगी। पहले इंफ्रास्ट्रक्चर और फैकल्टी की कमी के कारण मान्यता रुकी हुई थी। सभी कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे।

नकटी गांव मुद्दे पर कांग्रेस की पदयात्रा

नवा रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज पदयात्रा निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों के साथ शामिल होंगे। यह पदयात्रा  गांव से राजभवन (लोकभवन) तक निकाली जाएगी।

कांग्रेस राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई का विरोध दर्ज कराएगी। पार्टी ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है। राजीव भवन में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की मौजूदगी में पदयात्रा की रणनीति और जिम्मेदारियां तय की गईं।

स्कूलों में आधार बायोमेट्रिक अपडेट होगा तेज

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया अब तेज की जाएगी। रायपुर में इसी महीने विशेष शिविर लगाने की तैयारी है। कलेक्टर की अनुमति मिलते ही स्कूलों में अभियान शुरू होगा।

प्रदेशभर में लंबित आधार अपडेट वाले छात्रों की पहचान की जा रही है। सूरजपुर जिले में अभियान शुरू हो चुका है, जहां 22 स्कूलों में 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा। इस अभियान का लाभ 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा।

आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा।

अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। रायपुर सहित कई जिलों में बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में मानसून कमजोर रहने के कारण उमस बढ़ने के संकेत हैं।

यह भी पढ़ें: बाल संप्रेक्षण गृह में हाथ-पैर बांधकर चौकीदार की हत्या, 4 बाल अपचारी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Youthwings