राय गौरव राम बने बलौदाबाजार के नए SP, छत्तीसगढ़ के 24 जिलों के SP बदले

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों के साथ 24 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला किया गया है। इस फैसले के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस नेतृत्व पूरी तरह बदल जाएगा।

गृह विभाग ने जारी किया तबादला आदेश

महानदी भवन से जारी आदेश में आईजी, डीआईजी, सेनानी और एसपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक जरूरतों और बेहतर पुलिस व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती

तबादला सूची के अनुसार बलौदाबाजार-भाटापारा, दंतेवाड़ा, कबीरधाम, बेमेतरा, धमतरी, बीजापुर, कोरिया, सूरजपुर, बालोद, सुकमा, नारायणपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। वहीं कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

read more : 1460 गौधाम का दावा, फिर भी सड़कों पर हजारों गौवंश! आखिर योजना कहां अटकी?

वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

तबादला आदेश के तहत कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को आईजी और डीआईजी स्तर पर नई पोस्टिंग मिली है। कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर भेजा गया है, जबकि कुछ को रेंज और बटालियन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

बलौदाबाजार से लेकर बीजापुर तक बदले पुलिस प्रमुख

नई सूची के अनुसार राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम, त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, भावना पाण्डेय को धमतरी, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

जल्द ग्रहण करेंगे नया पदभार

गृह विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस व्यापक फेरबदल से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली में सुधार होगा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

Youthwings