छत्तीसगढ़ में अब 1 अप्रैल से शुरू होगा नया शिक्षा सत्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूल शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की तारीख बदल दी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी स्कूलों में नया शिक्षा सत्र हर वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होगा। इस संबंध में शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
विभागीय समीक्षा बैठक में लिया गया फैसला
यह निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। सरकार का उद्देश्य शैक्षणिक गतिविधियों को समयबद्ध बनाना और पूरे सत्र में विद्यार्थियों को अधिक शिक्षण दिवस उपलब्ध कराना है।
CBSE की तर्ज पर चलेगा नया शैक्षणिक सत्र
नई व्यवस्था के तहत राज्य में शैक्षणिक सत्र का संचालन CBSE की तर्ज पर किया जाएगा। इससे स्कूलों को पूरे वर्ष पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जा सकेगा।
प्रशासनिक कार्यों का पढ़ाई पर नहीं पड़ेगा असर
सरकार का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यपुस्तकों का वितरण और अन्य प्रशासनिक कार्य अब नियमित पढ़ाई के साथ व्यवस्थित ढंग से पूरे किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और शिक्षण कार्य लगातार जारी रह सकेगा।
शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर रहेगा फोकस
राज्य सरकार को उम्मीद है कि नए शैक्षणिक कैलेंडर से विद्यार्थियों को अधिक अध्ययन समय मिलेगा। इससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा होगा, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी और शिक्षा की गुणवत्ता के साथ परीक्षा परिणामों में भी सुधार देखने को मिलेगा।

