बारुईपुर रेप-हत्या का आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई रेप की पुष्टि
12 वर्षीय बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या का आरोपी प्रभास मंडल पुलिस से हथियार छीनकर फायरिंग करने के बाद मारा गया, तालाब से मिला था शव
बारुईपुर, पश्चिम बंगाल।दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर के सूर्यपुर हाट इलाके में 12 वर्षीय बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की । पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
बारुईपुर के सूर्यपुर हाट इलाके में 4 जुलाई को एक 12 वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। परिवार के अनुसार, वह शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेल रही थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह उसका शव एक तालाब से बरामद हुआ था ।
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई और संकेत मिले कि बच्ची तालाब में फेंके जाने से पहले जीवित थी, क्योंकि उसके फेफड़ों में पानी मिला है। पुलिस अब फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शुरुआत में पुलिस ने रेप का केस दर्ज नहीं किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पोक्सो एक्ट के तहत रेप का केस दर्ज किया गया ।
विरोध प्रदर्शन और आगजनी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था और कई जगह आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं । लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
एनकाउंटर कैसे हुआ?
पुलिस आरोपी प्रभास मंडल को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई । पुलिस का कहना है कि आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Read more-
West Bengal EVM Fire: सरकारी बिल्डिंग में कैसे जल गईं 4000 EVM? मंत्री ने जताई साजिश की आशंका
