OPS बहाली पर CM साय से बिजली कर्मचारियों की बड़ी बैठक, 17 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी

छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी आंदोलन

रायपुर। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास में हुई इस बैठक में बिजली कर्मचारियों ने विभाग से जुड़े कई अहम मुद्दे सरकार के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि महासंघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक उनका चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

कर्मचारियों की कमी और नियमित भर्ती का मुद्दा भी उठा

भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने OPS बहाली के साथ बिजली कंपनियों में कर्मचारियों की कमी, लगातार बढ़ते कार्यभार और कार्यस्थलों पर बढ़ रही दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से रखा। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने और भर्ती का विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही भविष्य में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

read more :संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से: सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर होगी टक्कर

चरणबद्ध आंदोलन को मिल रहा व्यापक समर्थन

महासंघ के अनुसार अपनी मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन पहले से जारी है। पहले चरण में 1 जून से 30 जून तक जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अब दूसरे चरण के तहत 1 जुलाई से 9 जुलाई तक क्षेत्रीय मुख्यालयों और उत्पादन केंद्रों में आमसभाएं, प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संगठन का दावा है कि इस आंदोलन को कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकारियों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।

10 जुलाई को प्रदर्शन, 17 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी

मुख्यमंत्री के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बावजूद महासंघ ने आंदोलन वापस लेने से इनकार किया है। संगठन ने घोषणा की है कि 10 जुलाई को रायपुर के डंगनिया स्थित पावर कंपनी मुख्यालय में विशाल आमसभा, आक्रोश प्रदर्शन और चेतावनी ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि इसके बाद भी सरकार की ओर से मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो 17 अगस्त से प्रदेशभर में बिजली कर्मचारी अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू करेंगे। महासंघ ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील भी की है।

Youthwings