Amarpatan Well Tragedy: बैल को बचाने उतरे 3 ग्रामीण, कुएं के अंदर था मौत का जाल… तीनों की दर्दनाक मौत
Amarpatan Well Tragedy: बैल को बचाने उतरे 3 ग्रामीणों की जहरीली गैस से मौत, गांव में पसरा मातम
Amarpatan Well Tragedy: एक बैल को बचाने के लिए ग्रामीण बिना कुछ सोचे-समझे कुएं में उतर गए, लेकिन अंदर ऐसा खौफनाक मंजर था कि कोई लौटकर नहीं आ सका। आखिर कुएं के भीतर क्या हुआ? पढ़िए इस दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र स्थित खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। एक बैल के कुएं में गिरने के बाद उसे बचाने के लिए तीन ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
बैल को बचाने की कोशिश बनी जानलेवा
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, गांव के एक कुएं में बैल गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पहले एक ग्रामीण कुएं में उतरा। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो उसे बचाने के लिए दूसरा और फिर तीसरा ग्रामीण भी कुएं में उतर गया। दुर्भाग्यवश तीनों जहरीली गैस के प्रभाव में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Amarpatan Well Tragedy: एक अन्य ग्रामीण की हालत गंभीर
हादसे के दौरान एक चौथा ग्रामीण भी कुएं में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के असर से वह बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
Amarpatan Well Tragedy की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और कुएं में जहरीली गैस बनने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
मृतकों की हुई पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जिन ग्रामीणों की मौत हुई है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है-
कृष्ण कुमार यादव (28 वर्ष)
वीरेंद्र यादव (47 वर्ष)
राहुल यादव (34 वर्ष)
गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे खरमसेड़ा गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
