सुशांत केस पर बनेगी फिल्म ‘सॉरी बाबू’, कूपर अस्पताल का वो चर्चित लफ्ज बना टाइटल, पोस्टर ने मचाई हलचल
दीपक भागवत करेंगे निर्देशन, सुजीत सिंह राठौर मुख्य भूमिका में, फिल्म कूपर अस्पताल की अनकही कहानी उठाएगी
मुंबई। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को छह साल बीत चुके हैं, लेकिन उनकी रहस्यमयी मृत्यु आज भी करोड़ों लोगों के लिए एक अनसुलझा सवाल बनी हुई है। 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत के निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। अब इसी चर्चित और विवादित मामले पर एक फिल्म बनने जा रही है, जिसका नाम ‘सॉरी बाबू’ रखा गया है ।
फिल्म की घोषणा के साथ ही इसका फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है । कई लोग इसे सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े उन सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं, जिन पर आज भी चर्चा होती रहती है ।
SSR Films के बैनर तले बनी फिल्म
इस फिल्म का निर्देशन दीपक भगवत कर रहे हैं और इसे SSR Films के बैनर तले बनाया जा रहा है । मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए दावा किया है कि यह कहानी कई सवाल खड़े करेगी और दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी। पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में कहा गया है कि “सच जल्द ही सामने आएगा” और फिल्म में कई ऐसे पहलुओं को दिखाया जाएगा जो अब तक लोगों की नजरों से दूर रहे हैं ।
फिल्म का शीर्षक क्यों है ‘सॉरी बाबू’?
फिल्म का शीर्षक ‘सॉरी बाबू’ भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। दरअसल, यह नाम उस कथित घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, जो सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मुंबई के कूपर अस्पताल में हुई थी । दावा किया जाता है कि अभिनेता के पार्थिव शरीर को देखने के दौरान अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के मुंह से “सॉरी बाबू” शब्द निकले थे । यही वजह है कि फिल्म का नाम भी इसी चर्चित वाक्यांश पर आधारित रखा गया है ।
फिल्म में मुख्य भूमिका किसकी?
इस फिल्म में करणी सेना से जुड़े रहे सुजीत सिंह राठौर मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे । खास बात यह है कि सुजीत सिंह राठौर खुद इस मामले से जुड़े घटनाक्रम के दौरान कूपर अस्पताल में मौजूद होने का दावा कर चुके हैं । मेकर्स का कहना है कि फिल्म में इस हाई-प्रोफाइल केस की कई परतों को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा ।
फिल्म के फर्स्ट पोस्टर और विषय को देखकर साफ है कि निर्माता दर्शकों के सामने एक ऐसी कहानी पेश करना चाहते हैं, जो सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सामने आए घटनाक्रमों पर आधारित होगी । हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है । फिलहाल, ‘सॉरी बाबू’ की घोषणा ने एक बार फिर सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े मामले को सुर्खियों में ला दिया है और फैंस इस फिल्म से जुड़े हर नए अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ।
Read more-
