राजघराने के गढ़ में खूनी खेल 9 राउंड फायरिंग, वीडियो में दिखा बाबा राजा का ‘नंगा’ चेहरा, नागौद की कहानी किसी सीरियल से कम नहीं

Nagod royal family shooting

परसमनिया गढ़ी में ससुरालियों ने बाबा राजा को पीटा, पूर्वजों के फ्रेम से किए वार; महिला मित्र ने चलाई गोलियां, योगिता सिंह घायल

 

सतना। नागौद राजघराने की बहू योगिता सिंह पर फायरिंग का मामला अब और भी रहस्यमयी और सनसनीखेज होता जा रहा है। शुक्रवार देर रात तीन चौंकाने वाले वीडियो सार्वजनिक हुए हैं, जिनमें से एक वीडियो वारदात के दौरान का है, जबकि दो घटना के बाद के हैं। इन वीडियो ने पूरे मामले को नया आयाम दे दिया है ।

 

वीडियो में साफ दिख रहा है कि परसमनिया गढ़ी के अंदर नागौद रियासत के रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। उनके शरीर का ऊपरी हिस्सा नंगा-सा हो चुका है, कमर के ऊपर के कपड़े पूरी तरह फटे हुए हैं । राजपरिवार के नजदीकी लोगों का दावा है कि पहले बाबा राजा पर हमला किया गया। राजघराने के पूर्वजों की फोटो फ्रेम तोड़कर उनके सिर पर वार किए गए । इसी दौरान गढ़ी में रह रही बाबा राजा की महिला मित्र सुनीता सिंह परिहार ने फायरिंग शुरू कर दी ।

 

तीन वीडियो, खून से सनी गैलरी और टूटे फ्रेम

पहले वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बाबा राजा लहूलुहान हो चुके हैं। वीडियो में नागेंद्र सिंह राठौर (योगिता के भाई) और उनके साथी बाबा राजा को पीटते दिख रहे हैं । बैकग्राउंड में गोलियों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं । घटना के बाद गढ़ी की गैलरी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फर्श पर खून के धब्बे और टूटे कांच के टुकड़े बिखरे पड़े दिख रहे हैं। ये कांच के टुकड़े पूर्वजों की फ्रेम के बताए जा रहे हैं । गढ़ी के ठीक बगल वाले पेट्रोल पंप का तीसरा वीडियो भी जारी हुआ है, जिसमें सामान टूटा-फूटा और बिखरा पड़ा है ।

 

सुनीता ने चलाई थीं 9 गोलियां, एक योगिता को लगी

राजपरिवार के करीबी लोगों का दावा है कि सुनीता ने बाबा राजा पर जानलेवा हमला होते देख खुद को बचाने के लिए अपनी लाइसेंसी .22 बोर राइफल से 9 राउंड फायर किए । इनमें से एक गोली सीधे बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह के पेट में लग गई । पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से 4 खाली खोखे बरामद हुए हैं । सुनीता को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है । वहीं, गंभीर रूप से घायल योगिता सिंह को रीवा के विंध्या सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी के बाद गोली निकाल ली गई है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है ।

 

दूसरी FIR: साले पर मारपीट का केस

इस पूरे मामले ने तब करवट ली जब घायल अवस्था में बाबा राजा का वीडियो सामने आया। उसके बाद पुलिस ने अब एक क्रॉस FIR दर्ज की है। बाबा राजा की शिकायत पर उनके साले नागेंद्र सिंह राठौर (उदयपुर निवासी) समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है । पुलिस ने बाबा राजा का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर पाया गया । यानी अब पुलिस दो FIR की जांच कर रही है – एक सुनीता के खिलाफ फायरिंग का, तो दूसरी ससुरालियों के खिलाफ मारपीट का।

 

कौन है सुनीता? पेट्रोल पंप, जमीन और 8 साल पुराना तलाक

पूरे विवाद की जड़ करीब 8 साल पुराना वैवाहिक विवाद है। सूत्रों के अनुसार, बाबा राजा और उनकी पत्नी योगिता के बीच 2018 के आसपास से मनमुटाव चल रहा था । विवाद बढ़ने पर बाबा राजा ने परसमनिया गढ़ी छोड़ दी और सतना में किराए के मकान में रहने लगे ।

 

बाबा राजा की महिला मित्र सुनीता सिंह परिहार (38) इसी दौरान उनके संपर्क में आई। दोनों ने मिलकर एक रेस्टोरेंट और बाद में गढ़ी के बगल में पेट्रोल पंप खोला । विवाद इस बात को लेकर भी था कि पेट्रोल पंप का संचालन पहले योगिता के नाम पर था, लेकिन सुनीता के आ जाने के बाद यह विवाद चरम पर पहुंच गया ।

 

बाबा राजा के अनुसार, सुनीता उनकी “बिजनेस पार्टनर” और “मैनेजर” हैं । उन्होंने यह भी कहा कि उनके साले उनकी पिटाई कर रहे थे, और सुनीता ने उनकी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में फायरिंग की । वहीं, योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी का आरोप है कि सुनीता ने उनकी बेटी के साथ “गाली-गलौज” की और फिर ताला बंद करके फायरिंग कर दी ।

 

रहस्यमयी बाबा राजा और पुलिस स्टेशन में कोल्ड ड्रिंक

मामले में एक और विवाद तब खड़ा हुआ जब सुनीता का थाने में बैठकर कोल्ड ड्रिंक पीने का वीडियो वायरल हुआ । आम लोगों ने इसे “VIP ट्रीटमेंट” करार देते हुए पुलिस पर सवाल उठाए । पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पहले गोली चली या पहले हमला हुआ। यह पूरा मामला वर्षों से चले आ रहे पारिवारिक तनाव, पति-पत्नी और तीसरे व्यक्ति की जटिल कहानी का परिणाम लग रहा है। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन जारी है ।

 

Read more-

Kangana Ranaut in Raipur: छत्तीसगढ़ में कंगना रनौत, सीएम साय के साथ देखी ‘भारत भाग्य विधाता’

 

Youthwings