गरियाबंद के जंगलों में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान, नक्सलियों के छिपे डंप से 5 किलो का कुकर IED और भरमार रायफल बरामद

Naxal dump recovered Gariyaband

65वीं सीआरपीएफ बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने डडईपानी के जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक किए बरामद

 

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में 31 मार्च को नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भी सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बाद अब जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य डंप जखीरे लगातार सामने आ रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस एवं सुरक्षा बल ऐसे डंप स्थलों का पता लगाकर सामग्री बरामद कर रहे हैं।

 

इसी कड़ी में शुक्रवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डडईपानी के जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप जखीरा बरामद किया।

 

जंगल में छिपाकर रखा था भारी मात्रा में हथियार

बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर, 5 किलोग्राम का कुकर आईईडी (IED), एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल (UBGL) राउंड तथा पटाखा सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में लिया। इसके अलावा आईईडी को जंगल में सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।

 

यह बरामदगी उस समय हुई है जब पिछले दिनों इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों का एक और बड़ा डंप मिला था। लगातार हो रही इन बरामदगियों से नक्सलियों की सप्लाई चेन पर गहरा असर पड़ा है।

 

 

Naxal dump recovered Gariyaband

आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर हो रही कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, हाल के महीनों में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन्हीं आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बल ऐसे डंप स्थलों का पता लगाकर सामग्री बरामद कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है।

 

इससे पहले भी मैनपुर क्षेत्र में सुरक्षा बलों को कई बार नक्सलियों के डंप से विस्फोटक और हथियार बरामद हुए हैं। पिछले साल दिसंबर में इसी क्षेत्र से मोर्टार शेल, डेटोनेटर और तीर बम जैसे विस्फोटक बरामद हुए थे । इसी तरह, अन्य अभियानों में दैनिक उपयोग की सामग्री और मेडिकल सप्लाई भी बरामद हुई है ।

 

क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी

सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। डडईपानी के जंगल सहित आसपास के इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में छिपाकर रखे गए अन्य डंप स्थलों का भी पता लगा लिया जाएगा।

 

जिले में नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद सुरक्षा बलों का फोकस अब जंगलों में छिपे हथियारों और विस्फोटकों को बरामद करने पर है। प्रशासन का मानना है कि जब तक ये डंप नष्ट नहीं हो जाते, तब तक नक्सली फिर से सक्रिय होने की कोशिश कर सकते हैं। लगातार हो रही ये कार्रवाई नक्सलियों के लिए एक बड़ा झटका है।

 

देखें वीडियो –

 

 

 

Read more- 

Gariaband Water Tank Scam: स्वीकृत काम गायब, पैसे निकले लेकिन टंकी-पाइपलाइन नहीं बनी

 

Youthwings