बंगाल में TMC की बढ़ी टेंशन, अभिषेक बनर्जी को समन, कई ठिकानों पर छापेमारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर पुलिस टीम पहुंची। शालबोनी थाने और कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस की मौजूदगी के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और बड़ी संख्या में जवान तैनात रहे।
निजी सहायक की तलाश में पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक पुलिस की यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय की तलाश को लेकर की गई। सुमित रॉय पर कथित तौर पर पार्टी टिकट दिलाने के नाम पर लोगों से धन उगाही करने के आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियां इस मामले में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही हैं और इसी सिलसिले में पुलिस टीम आवास तक पहुंची थी।
ममता बनर्जी ने भी किया दौरा
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भी अभिषेक बनर्जी के निवास पहुंचीं। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि इस मामले में अभी तक अभिषेक बनर्जी या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
CID ने भी भेजा समन
इसी बीच अभिषेक बनर्जी को एक अन्य मामले में राज्य की सीआईडी ने समन जारी किया है। यह मामला चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक कथित विवादित बयान से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसी ने उन्हें 16 जून को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है। बताया गया कि नोटिस पहले उनके आवास पर पहुंचाया गया था, जिसे बाद में उनके स्टाफ को सौंप दिया गया।
मदन मित्रा से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी
टीएमसी के लिए मुश्किलें यहीं नहीं थमीं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पार्टी विधायक मदन मित्रा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई कथित नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के तहत की जा रही है। कोलकाता, कामरहाटी और जोका समेत कई स्थानों पर ED की टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी रही।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी सरगर्मी
एक ही दिन में टीएमसी के कई वरिष्ठ नेताओं से जुड़े मामलों में पुलिस, सीआईडी और ईडी की सक्रियता ने राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन घटनाक्रमों के बाद आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
