अवैध खनन के विरोध में रात 2 बजे तक धरने पर बैठी रहीं विधायक, फिर भी नहीं पहुंचे अफसर, सुबह 5 हाइवा और मशीन किया जब्त

कांकेर। जिले के चारामा विकासखंड स्थित हराडूला रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने आधी रात अचानक खदान पहुंचकर छापेमारी की, जहां अवैध खनन और परिवहन में लगे 5 हाइवा तथा एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया।

शिकायतों के बाद विधायक ने संभाला मोर्चा

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। देर रात बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर विधायक सावित्री मंडावी ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर किसी अधिकारी ने उनका फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

मौके पर मिला अवैध खनन का मामला

छापेमारी के दौरान खदान क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कार्य जारी पाया गया। विधायक की मौजूदगी में 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया। इसके बाद संबंधित विभागों को मामले की सूचना देकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कराई गई।

अवैध खनन पर सख्त रुख

मौके पर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में अवैध रेत खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों को ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए।

प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के समय अवैध रेत खनन का कारोबार चल रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद रेत माफिया सक्रिय बने हुए हैं। विधायक की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक निगरानी और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

दस्तावेजों की जांच, आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल जब्त किए गए वाहनों और मशीनों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

Youthwings