Raipur loot case:पुलिस कमिश्नर की बैठक के दौरान लूट की चौथी वारदात! डंगनिया में सुपरवाइजर से 10 लाख उड़ाए

Raipur loot case

Raipur loot case: राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित डंगनिया में गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटी रकम, एक सप्ताह में चौथी बड़ी वारदात

 

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया इलाके में गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात उस वक्त हुई जब पुलिस कमिश्नर कंट्रोल रूम में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। घटना के बाद पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया है।

 

बता दें कि राजधानी रायपुर और उससे लगे क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर यह चौथी बड़ी लूट की वारदात है। इससे पहले अभनपुर में बैंक मित्र से चाकू की नोंक पर लूट हुई थी। टिकरापारा के कमल विहार में युवक से नकदी, मोबाइल और बाइक लूट ली गई थी, जबकि धरसींवा क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर पर हमला कर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। दो आरोपी पकड़े गए हैं।

 

बैग छीनकर भागे लूटेरे

जानकारी के अनुसार, टाटीबंध स्थित एचपी गैस एजेंसी के सुपरवाइजर श्रवण साहू को एजेंसी संचालक ने अग्रसेन चौक स्थित एक पार्टी से भुगतान की राशि लेने भेजा था। श्रवण कार से वहां पहुंचे और करीब 10 लाख रुपये लेकर वापस टाटीबंध लौट रहे थे। इसी दौरान एजेंसी को एक उपभोक्ता ने गैस लीकेज की शिकायत की। संचालक ने श्रवण को ग्राहक का लोकेशन भेजकर रास्ते में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

 

पुलिस के मुताबिक श्रवण डंगनिया बाजार के पास एक गली में ग्राहक के बताए स्थान पर पहुंचे। कार रोकने के बाद वह नकदी से भरा बैग लेकर नीचे उतरे ही थे कि बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि श्रवण संभल पाते, बदमाशों ने उनके हाथ से नोटों से भरा बैग छीना और तेजी से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।

 

वारदात से पहले रेकी की आशंका

जांच अधिकारियों को आशंका है कि बदमाशों को नकदी ले जाए जाने की पहले से जानकारी थी। जिस सटीक तरीके से आरोपियों ने श्रवण को निशाना बनाया, उससे रेकी की आशंका मजबूत हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या किसी ने भुगतान की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई थी। अंदरूनी मिलीभगत या किसी कर्मचारी की भूमिका की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

 

सीसीटीवी फुटेज में मिले सुराग

घटनास्थल और उसके आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है।

 

 

Raipur loot case

 

आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी

लूट की वारदात के बाद पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड पर है। आरोपियों की तलाश के लिए शहरभर में नाकेबंदी कराई गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

 

जल्द होगा खुलासा: डीसीपी

डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने बताया कि डंगनिया में लूट की घटना हुई है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

 

 

Raipur loot case

 

 

 

Read more- 

Raipur Cleaning Contractors Strike: भुगतान नहीं मिलने पर सफाई ठेकेदारों की हड़ताल, 70 वार्डों में सफाई व्यवस्था ठप

 

Youthwings